दिल्ली की मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में किया ‘दिल्ली मंडप’ का उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में किया ‘दिल्ली मंडप’ का उद्घाटन


दिल्ली की मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में किया ‘दिल्ली मंडप’ का उद्घाटन


नई दिल्ली, 14 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ-2026) में दिल्ली मंडप का उद्घाटन किया। मंडप के उद्घाटन अवसर पर बच्चों द्वारा शास्त्रीय कथक नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई। इसके बाद उन्होंने विभिन्न स्टॉल का भ्रमण किया और प्रतिभागियों से संवाद कर उनके उत्पादों, कार्यों एवं उद्यमों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई दिल्ली केवल देश की राजधानी ही नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, विविध संस्कृति, उद्यमशीलता और आधुनिक विकास का भी प्रतीक है। दिल्ली मंडप के माध्यम से राजधानी की इसी बहुआयामी पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष आईआईटीएफ में दिल्ली को फोकस स्टेट के रूप में विशेष स्थान मिला है, जो राजधानी की बढ़ती आर्थिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक पहचान को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली मंडप के माध्यम से राजधानी की गौरवशाली विरासत और आधुनिक विकास यात्रा को एक साथ प्रस्तुत किया जा रहा है। यह मंच दिल्ली के उद्यमियों, महिला कारोबारियों, शिल्पकारों और स्थानीय उत्पादकों को अपनी प्रतिभा व उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का प्रयास राजधानी की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करते हुए विकास, नवाचार, उद्यमिता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने का प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली मंडप का कुल क्षेत्रफल 996 वर्ग मीटर है, जिसमें विभिन्न श्रेणियों के कुल 62 स्टॉल लगाए गए हैं। महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें विशेष प्राथमिकता देते हुए दस स्टॉल आवंटित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 14 स्टॉल सरकारी विभागों एवं संस्थानों, 25 निजी प्रदर्शकों, छह प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना (पीएमएफएमई) के प्रतिभागियों और सात स्टॉल एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) और ओडीओपी निर्यातकों को दिए गए हैं। इन स्टॉल के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने उत्पादों, सेवाओं और उद्यमशील क्षमताओं को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। दिल्ली स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (डीएसआईआईडीसी) को दिल्ली मंडप की नोडल एजेंसी बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली मंडप में राजधानी की कला, संस्कृति, ऐतिहासिक पहचान और समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करने के साथ-साथ नमो वन, स्वच्छ यमुना और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने जैसी पर्यावरण एवं विकास संबंधी पहलों को भी प्रमुखता दी गई है। इसके माध्यम से आगंतुकों को दिल्ली में हो रहे विकास कार्यों, पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों और भविष्य की विकास प्राथमिकताओं की जानकारी मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली मंडप केवल सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों के प्रदर्शन का माध्यम नहीं, बल्कि स्थानीय उद्यमियों, शिल्पकारों, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) और उत्पादकों को नए बाजारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने कहा कि यहां महिला उद्यमियों को विशेष स्थान देकर सरकार ने उनकी आर्थिक भागीदारी और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया है। निजी प्रदर्शकों, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) और एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) प्रतिभागियों को भी अपने उत्पादों एवं क्षमताओं को देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है। इससे स्थानीय उत्पादों को नई पहचान और उद्यमियों को संभावित खरीदारों एवं बाजारों से जुड़ने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776929 Articles

Share this story