दिल्ली के उस्मानपुर में मकान की छत गिरी, पति-पत्नी की मौत
नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में रविवार रात मकान की छत गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने दोनों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली दमकल विभाग के अनुसार, रविवार रात करीब 10:31 बजे उस्मानपुर स्थित हंसराज डेयरी के पास मकान गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही शास्त्री पार्क फायर स्टेशन से तीन वाटर टेंडर और एक इमरजेंसी रेस्क्यू टेंडर मौके पर भेजा गया। राहत एवं बचाव अभियान का नेतृत्व स्टेशन ऑफिसर सुनील सागर ने किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि करीब 120 वर्ग फुट क्षेत्रफल में बनी ग्राउंड प्लस वन मंजिला इमारत की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय घर के अंदर मौजूद पति-पत्नी मलबे के नीचे दब गए।
दमकल विभाग के मौके पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने दोनों को मलबे से बाहर निकाल लिया और कैट्स एंबुलेंस की मदद से जगप्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. संतोष ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 32 वर्षीय टिंकू पुत्र सोरेन सिंह, और उनकी 30 वर्षीय पत्नी उर्मिला के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में मकान की छत कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

