दिल्ली के रोहिणी में निर्माणाधीन मकान गिरा, दमकल के 5 वाहन मौके पर

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 08 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में बुधवार शाम को हो रही बारिश के बीच एक निर्माणाधीन मकान अचानक ढह जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, राहत एवं बचाव दल और दमकल के 5 वाहन मौके पर पहुंच गए हैं। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली कराया जा रहा है। इमारत के मलबे में किसी के फंसे होने की आशंका को देखते हुए खोज अभियान शुरू किया गया है।

दमकल विभाग के अनुसार शाम 4:19 बजे रोहिणी सेक्टर-16 में एमसीडी स्कूल के सामने मकान गिरने की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष को मिली। इसके बाद दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। दमकल कर्मियों ने पुलिस के साथ मिलकर मलबे का निरीक्षण शुरू किया। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि हादसे के समय मकान में कोई मौजूद था या नहीं। फिलहाल किसी के घायल होने या मलबे में दबे होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार प्राथमिक तौर पर मकान गिरने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मलबा हटाने के बाद ही नुकसान और हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। अधिकारियों ने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story