हिंदू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्र पर दिल्ली सचिवालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
हिंदू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्र पर दिल्ली सचिवालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन


हिंदू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्र पर दिल्ली सचिवालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन


नई दिल्ली, 19 मार्च (हि.स.)। दिल्ली सचिवालय में हिंदू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्र पर गुरुवार को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलाकारों ने देश की गौरवशाली शास्त्रीय शैली व लोक नृत्य के माध्यम से दुर्गा स्तुति एवं डांडिया रास की प्रस्तुति दी।

दिल्ली के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने नव संवत्सर विक्रम संवत 2083 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद’ दिल्ली की नीतियों और आयोजनों के केंद्र में है। भारत की पहचान उसकी प्राचीन परंपराओं, धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक विरासत में निहित है।

कपिल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हमारा उद्देश्य केवल परंपराओं का उत्सव मनाना नहीं, बल्कि लोगों में अपनी विरासत के प्रति गर्व और जुड़ाव पैदा करना है। यह दृष्टिकोण दिल्ली को एक ऐसी राजधानी के रूप में स्थापित करने की कोशिश है, जहां आधुनिकता और सांस्कृतिक पहचान साथ-साथ चलें। लगातार चल रहे भजन क्लबिंग के आयोजन, हाल ही में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व, सभी राज्यों के स्थापना दिवस मनाने का संकल्प भी उसी दिशा में है।

आयोजन में कलाकारों ने ओडिशी नृत्य शैली में मां दुर्गा की भावपूर्ण स्तुति प्रस्तुत की। लोक नृत्य नाटिका के माध्यम से मां भगवती के विभिन्न स्वरूपों की सुंदर एवं प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई, जिसने वातावरण को भक्तिमय कर दिया। इसके अतिरिक्त गुजरात के पारंपरिक नृत्य डांडिया की रंगारंग प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का संचार किया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में लगभग 25 कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति देकर भारतीय संस्कृति की विविधता और समृद्ध परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story