सड़क सुरक्षा के लिए पहल: सिविल लाइंस में हेलमेट वितरण, लोगों को किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
सड़क सुरक्षा के लिए पहल: सिविल लाइंस में हेलमेट वितरण, लोगों को किया जागरूक


नई दिल्ली, 29 मार्च (हि.स.)। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को सिविल लाइंस इलाके में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया गया और करीब 100 हेलमेट वितरित किए गए।

सिविल लाइंस ट्रैफिक सर्कल द्वारा आयोजित इस अभियान का नेतृत्व एसीपी उत्तरी अशोक मंडोला और ट्रैफिक इंस्पेक्टर यशपाल भाटी ने किया। चंदगीराम अखाड़ा सिग्नल पर एक एनजीओ के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में लोगों को बिना हेलमेट वाहन चलाने के खतरों के बारे में विस्तार से बताया गया।

ट्रैफिक के वरिष्ठ अधिकारियों ने दोपहिया चालकों को समझाया कि हेलमेट न पहनने से दुर्घटना की स्थिति में गंभीर चोट या जान का खतरा बढ़ जाता है। इस दौरान सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित करते हुए मौके पर ही लगभग 100 हेलमेट वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और ट्रैफिक पुलिस के प्रयासों की सराहना की। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और विशेष रूप से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) जोन-1 विजयन्ता गोयल आर्य ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रखी जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story