स्वस्थ नागरिक ही ‘विकसित दिल्ली’ की मजबूत नींव : तरनजीत
नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के पास उत्तरी रिज स्थित बोंटा पार्क में मॉर्निंग वॉक करते हुए लोगों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पार्कों के रखरखाव एवं सुविधाओं पर लोगों से फीडबैक लिया।
उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक, बेहतर सार्वजनिक स्थान और जनभागीदारी ही ‘विकसित दिल्ली’ की मजबूत नींव हैं। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए दिल्ली के हरित क्षेत्रों (ग्रीन लंग्स) को सुरक्षित एवं सुंदर बनाने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
उपराज्यपाल ने कहा कि पार्क में लोगों को व्यायाम और परिवारों को हरियाली के बीच समय बिताते देखकर बहुत अच्छा लगा। यह देखकर खुशी हुई कि दिल्ली के लोग अपने स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर कितने जागरूक हैं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने बातचीत के दौरान पार्क की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के के सुझाव और विचारों भी साझा किए। उन्होंने कहा कि लोगों के सुझाव हमारे सार्वजनिक स्थलों और दिल्ली को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उपराज्यपाल ने कहा कि हम दिल्ली के हरे-भरे क्षेत्रों को सुरक्षित रखने और उन्हें और बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। हमारा प्रयास है कि सभी पार्क और सार्वजनिक स्थान सभी लोगों के लिए साफ, सुंदर और सुविधाजनक बने रहें। उन्होंने सभी से मिलकर दिल्ली को एक स्वच्छ, स्वस्थ और हरित शहर बनाने में अपना योगदान देने की अपील की है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

