अकेले सिपाही ने मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को दबोचा

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 1 अगस्त (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के हौज खास इलाके में बीती रात पुलिस और चोरों के बीच मुठभेड़ हुई। अकेले सिपाही ने मुठभेड़ के बाद तीन कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया। इनमें से एक आरोपित को पुलिस की आत्मरक्षा में चलाई गई गोली लगी है। मुठभेड़ उस समय हुई जब तड़के करीब 4 बजे मालवीय नगर थाने में कार्यरत सिपाही करतार ने संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन वे फरार हो गए।

दक्षिणी जिले के डीसीपी अंकित चाैहान ने शुक्रवार काे पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर बताया कि सिपाही करतार सिंह ने संदिग्धों का पीछा करते हुए खेल गांव के पास उन्हें घेर लिया। तभी तीनों आरोपितों ने उस पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हेलमेट पहनने की वजह से सिपाही की जान बची। इसके बाद उन्होंने पहले चेतावनी दी और जब हमला नहीं रुका तो आत्मरक्षा में गोली चलाई। जिससे एक आरोपित सिकंदर के पैर में गोली लगी। इस बीच खेल गांव के निजी सुरक्षा गार्ड अजय, जीवन, अरुण, विनय और सुब्रतो की मदद से सिपाही ने तीनों आरोपितों को दबोच लिया। मौके से एक चोरी की बाइक और कई घर तोड़ने के औजार बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिकंदर (30),दर्शन सिंह और विजेंदर सिंह के रूप में हुई है। जांच में पता चला है कि सिकंदर के ऊपर 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और दर्शन पर तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story