कांग्रेस का प्रधानमंत्री आवास पर किया गया प्रदर्शन लोकतंत्र का अपमानः हर्ष मल्होत्रा

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस का प्रधानमंत्री आवास पर किया गया प्रदर्शन लोकतंत्र का अपमानः हर्ष मल्होत्रा


नई दिल्ली, 22 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस का कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकारी आवास पर किया गया प्रदर्शन अत्यंत निंदनीय, दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस के इस कृत्य की कड़ी निंदा करती है और मांग करती है कि कांग्रेस देश और प्रधानमंत्री मोदी से सार्वजनिक माफी मांगे।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि पिछले तीन दिन से जो आराजकता देखी जा रही है वह छात्र आंदोलन नही है, असल में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, कम्युनिस्ट, समाजवादी पार्टी के बीच युवा आंदोलन भड़काने की चल रही चेष्टा का कुपरिणाम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का पद 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान है। उस पद और उस आवास को घेरकर कांग्रेस ने सिर्फ प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि देश की जनता का अपमान किया है।

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता से बेदखल होने की हताशा में कांग्रेस अब सड़क पर उतरकर अराजकता फैलाना चाहती है। भ्रष्टाचार, घोटालों और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस को जनता ने तीन बार नकार दिया तो अब वो संसद और सड़क दोनों में हंगामा करके देश का माहौल खराब कर रही है।

हर्ष मल्होत्रा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे शांति और अनुशासन के साथ कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, कम्युनिस्ट एवं अन्य विपक्षी दलों की इस ओछी राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story