हंसराज कॉलेज के 79वें स्थापना दिवस पर चरित्र निर्माण और कौशल विकास पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
हंसराज कॉलेज के 79वें स्थापना दिवस पर चरित्र निर्माण और कौशल विकास पर जोर


नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज ने बुधवार को पंडित मदन मोहन मालवीय सभागार में अपना 79वां स्थापना दिवस समारोह मनाया। समारोह में कॉलेज की लगभग आठ दशकों की शैक्षणिक यात्रा, शोध एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया गया।

समारोह में केंद्रीय मंत्री और हंसराज कॉलेज के पूर्व छात्र हर्ष मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति के राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. अनूप कुमार वत्स ने की, जबकि तिमारपुर विधायक सूर्य प्रकाश खत्री विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रमा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए हंसराज कॉलेज की 79 वर्षों की यात्रा और समावेशी शिक्षा के साथ नैतिक एवं जिम्मेदार नागरिक तैयार करने की संस्था की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

मुख्य अतिथि हर्ष मल्होत्रा ने कॉलेज में बिताए अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत भारतीय मूल्यों और आधुनिक कौशल के बीच संतुलन की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि सूर्य प्रकाश खत्री ने विद्यार्थियों को अनुशासन, जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story