महापौर ने गुरु पर्व के नगर कीर्तन मार्ग का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने गुरु पर्व के नगर कीर्तन मार्ग का किया निरीक्षण


महापौर ने गुरु पर्व के नगर कीर्तन मार्ग का किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। गुरु पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले नगर कीर्तन की तैयारियों के लिए दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही और निगमायुक्त संजीव खिरवार ने सोमवार को गुरुद्वारा सीसगंज साहिब से फतेहपुरी चौक तक नगर कीर्तन मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुरानी दिल्ली क्षेत्र की उपायुक्त कनिका सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

महापौर एवं निगमायुक्त ने पूरे मार्ग पर सफाई व्यवस्था, कचरा उठाने और स्वच्छता से जुड़े कार्यों की स्थिति देखी। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर कीर्तन मार्ग पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और जहां भी कोई कमी नजर आए, उसे तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते तैयारियां पूरी करने को कहा।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि गुरु पर्व आस्था और श्रद्धा के साथ-साथ दिल्ली की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। नगर कीर्तन के इस मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं, इसलिए यहां स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता के आह्वान और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में नगर निगम राजधानी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए प्रयासरत है।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई है। हालांकि, कुछ छोटी-मोटी कमियां सामने आई हैं, जिन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि निगम अधिकारी पूरी तत्परता से काम करेंगे और नगर कीर्तन स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न होगा।

निरीक्षण के बाद महापौर प्रवेश वाही और निगमायुक्त संजीव खिरवार ने गुरुद्वारा सीसगंज साहिब में माथा टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने सभी दिल्लीवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781725 Articles

Share this story