लोकतंत्र तभी फलता-फूलता है, जब युवा इसके इतिहास से जुड़ते हैं : विजेंद्र गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
लोकतंत्र तभी फलता-फूलता है, जब युवा इसके इतिहास से जुड़ते हैं : विजेंद्र गुप्ता


नई दिल्ली, 25 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि राष्ट्र की सेवा हमारे संवैधानिक सफर और उन संस्थानों की समझ पर आधारित होनी चाहिए जो इसकी रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी फलता-फूलता है जब युवा नागरिक इसके इतिहास और प्रक्रियाओं के साथ सार्थक रूप से जुड़ते हैं। ये विचार उन्होंने बुधवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज की एनएसएस इकाई द्वारा आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन 'संवाद ' में व्यक्त किए।

इस अवसर पर विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली विधान सभा सचिवालय के 'कॉफी टेबल बुक' स्टॉल का उद्घाटन किया और विशेष स्मारक प्रकाशन शताब्दी-यात्रा: विट्ठलभाई की गौरव गाथा को प्रदर्शित किया। 25 से 28 फरवरी को आयोजित होने वाले इस सम्मेलन का मुख्य विषय ‘संवाद और संस्कृति का संगम — सेवा से राष्ट्र निर्माण’ है। कार्यक्रम में हिंदू कॉलेज की प्राचार्या, उप-प्राचार्य, वरिष्ठ संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

दिल्ली विधान सभा सचिवालय ने हिंदू कॉलेज के सहयोग से सम्मेलन के पहले दिन एक स्टॉल लगाया, जहां वीर विट्ठलभाई पटेल के जीवन और उनकी विरासत पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। इस स्टॉल पर मुख्य रूप से स्मारक कॉफी-टेबल बुक के साथ-साथ अन्य प्रकाशन और सूचनात्मक सामग्री प्रदर्शित की गई, जो दिल्ली विधान सभा के संस्थागत इतिहास, संवैधानिक जनादेश और विधायी कामकाज पर प्रकाश डालती है।

छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए गुप्ता ने इस बात पर जोर दिया कि लोकतंत्र तभी फलता-फूलता है जब युवा नागरिक इसके इतिहास और प्रक्रियाओं के साथ सार्थक रूप से जुड़ते हैं। उन्होंने कहा कि विट्ठलभाई पटेल का जीवन सैद्धांतिक नेतृत्व और संसदीय मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब है।

गुप्ता ने कहा की कि इस स्मारक कॉफी टेबल बुक को हिंदू कॉलेज के पुस्तकालय में रखा जाएगा, ताकि छात्र और शोधकर्ता विट्ठलभाई पटेल के इतिहास और भारत में विधायी परंपराओं के विकास का अध्ययन कर सकें। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल संवैधानिक संस्थाओं और युवाओं के बीच एक सेतु का निर्माण करती है, जो सम्मेलन के विषय के अनुरूप सूचित संवाद और जनसेवा की भावना को बढ़ावा देती है। डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग ने छात्रों के बीच काफी रुचि पैदा की, जिससे उन्हें विट्ठलभाई पटेल की विरासत और विधायी संस्थानों के विकास की झलक मिली।

इस अवसर पर हिंदू कॉलेज की तरफ से उप प्रधानाचार्य ने अध्यक्ष को कॉलेज की स्मारक कॉफी टेबल बुक ‘विरासत’ भेंट कर सम्मानित किया, जो कॉलेज की विशिष्ट शैक्षणिक यात्रा और राष्ट्र निर्माण में इसके योगदान को दर्शाती है।

इसके अलावा अध्यक्ष ने आयोजन स्थल पर लगे भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के स्टॉल का भी अवलोकन किया। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों से बातचीत की, प्रदर्शनियों को देखा और वहां स्थापित 'फ्लाइट सिम्युलेटर' का अनुभव भी लिया। रक्षा तैयारियों और तकनीकी प्रगति से छात्रों को परिचित कराने की इस पहल की सराहना करते हुए, उन्होंने युवाओं को सशस्त्र बलों में शामिल होने और सेवा, अनुशासन व समर्पण के माध्यम से देश के प्रति योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story