भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा सनातन सभ्यतागत निरंतरता का जीवंत प्रतीक : विजेंद्र गुप्ता
नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा भारत की सनातन सभ्यतागत निरंतरता का जीवंत प्रतीक है, जो आस्था, समावेशिता, सेवा और सामूहिक सद्भाव जैसे शाश्वत मूल्यों का प्रतिनिधित्व करती है। ऐसी गौरवशाली परंपराओं के माध्यम से हमारी सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रहती है और पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती है, जिससे राष्ट्रीय एकता की भावना और अधिक सुदृढ़ होती है।
यह विचार विजेंद्र गुप्ता ने गुरुवार को रोहिणी सेक्टर-11 स्थित जगन्नाथ मंदिर में ओड़िया समाज द्वारा आयोजित ‘गुंडिचा एवं बहुदा रथ यात्रा-2026’ में सहभागिता करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर उन्होंने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा से सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आषाढ़ शुक्ल द्वितीया से प्रारंभ होकर नौ दिनों तक चलने वाला यह पर्व भारत के सबसे प्राचीन एवं विशाल धार्मिक उत्सवों में से एक है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समानता, करुणा और जनभागीदारी जैसे उन मूल्यों का सशक्त प्रतीक है जिन्होंने सदियों से भारत की सभ्यतागत यात्रा को दिशा प्रदान की है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि रथ यात्रा जैसे पर्व भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को पुनः स्थापित करते हुए विभिन्न क्षेत्रों और समुदायों के लोगों के बीच एकता एवं भाईचारे के संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से जुड़ी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ओड़िया समाज के प्रयासों की सराहना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की पहलें नई पीढ़ी को भारत की सभ्यतागत विरासत तथा साझा सांस्कृतिक मूल्यों से निरंतर जोड़ने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

