स्वच्छता पखवाड़ा के तहत उत्तर रेलवे महाप्रबंधक ने दिलाई स्वच्छता शपथ
नई दिल्ली, 02 अक्टूबर (हि.स.)। स्वच्छता पखवाड़ा के तहत उत्तर रेलवे के प्रधान कार्यालय बड़ौदा हाउस में शुक्रवार को स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
महाप्रबंधक ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और इसे लेकर सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
इस अवसर पर महाप्रबंधक ने वृक्षारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में उत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक हर्ष खरे सहित सभी विभागों के प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत उत्तर रेलवे द्वारा कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों और अन्य परिसरों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

