गांधी नगर में कैरी बैग से लाखों की चोरी करने वाला गिरोह दबोचा
नई दिल्ली, 21 फ़रवरी (हि.स.)। शाहदरा जिले के थाना गांधी नगर की क्रैक टीम ने चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान उत्तम नगर निवासी सनी (34) और हनी (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से कुल 83 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपिताें ने गांधी नगर मार्केट में कैरी बैग से नकदी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था।
शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त प्रशांत गाैतम ने शनिवार काे बताया कि 12 फरवरी और 14 फरवरी को थाना गांधी में दाे चाेरी के मामले दर्ज किए गए थे। दोनों मामलों में पीड़ितों के कैरी बैग से 78 हजार रुपये और 1.50 लाख रुपये चोरी होने की शिकायत थी।
घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपिताें की स्पष्ट तस्वीरें सामने आईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ गांधी नगर के निर्देश पर एसआई विकास के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम काे 17 फरवरी को गुप्त सूचना मिली कि आरोपित फिर से मंगलवार मार्केट में वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गांधी नगर मार्केट में दोनों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपित सनी के कब्जे से मौके पर 50 हजार रुपये बरामद किए गए। वहीं सह-आरोपित हनी (32) की निशानदेही पर उसके उत्तम नगर स्थित घर से 15 हजार रुपये बरामद हुए। दोनों आरोपिताें को अदालत में पेश कर पुलिस ने एक अन्य मामले में एक दिन की पुलिस रिमांड भी हासिल की।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपिताें ने खुलासा किया कि वे जल्दी पैसा कमाने की लालच में ऐसी वारदातों को अंजाम देते थे। गांधी नगर बाजार में अधिकांश लेन-देन नकद में होने का फायदा उठाते हुए वे ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे, जो सिर पर सामान और पीठ पर कैरी बैग लेकर चलते थे।
दोनों पहले संभावित शिकार की रेकी करते थे, फिर पीछा करते थे। सनी बैग की चेन खोलकर नकदी निकालता और तुरंत हनी को दे देता, ताकि वह मौके से फरार हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

