दीपावली के मुफ्त एलपीजी सिलेंडर के 141.88 करोड़ रुपये 15 लाख लाभार्थियों के खातों में भेजे गए

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली के मुफ्त एलपीजी सिलेंडर के 141.88 करोड़ रुपये 15 लाख लाभार्थियों के खातों में भेजे गए


दीपावली के मुफ्त एलपीजी सिलेंडर के 141.88 करोड़ रुपये 15 लाख लाभार्थियों के खातों में भेजे गए


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में 15 लाख से अधिक पात्र राशन कार्डधारक परिवारों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की। मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में सहायता राशि भेजी। लाभार्थियों को सांकेतिक चेक भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर दिल्ली के खाद्य-आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, सांसद बांसुरी स्वराज, विधायक अभय वर्मा, जितेंद्र महाजन, कुलदीप सोलंकी, चंदन चौधरी सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार अपने घोषित संकल्पों को पूरा करने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। राशन कार्डधारक परिवारों को होली और दीपावली पर आर्थिक सहायता देने की योजना इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है। सहायता राशि सीधे बैंक खातों में हस्तांतरित करने से लाभार्थियों तक आर्थिक सहयोग पहुंचाने की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनती है।

उन्होंने बताया कि सरकार ने राशन कार्डधारक परिवारों को होली और दीपावली पर एलपीजी सिलेंडर के लिए आर्थिक सहायता देने की योजना बनाई थी। इसी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष दीपावली के अवसर पर दिल्ली के 15,45,994 परिवारों के बैंक खातों में कुल 141.88 करोड़ रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। इनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 1,24,964 परिवार और नॉन पीएमयूवाई श्रेणी के 14,21,030 परिवार शामिल हैं। इनमें पीएमयूवाई श्रेणी के प्रत्येक परिवार को 642 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं नॉन पीएमयूवाई श्रेणी के प्रत्येक परिवार को 942 रुपये की सहायता राशि दी गई। इसका उद्देश्य वर्ष में दो प्रमुख त्योहारों पर परिवारों को आर्थिक सहयोग देना और घरेलू खर्च का बोझ कम करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने योजना के अंतर्गत सहायता राशि हस्तांतरित करने के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर की व्यवस्था अपनाई है। इसके माध्यम से राशि परिवार के मुखिया के आधार से जुड़े बैंक खाते में सीधे पहुंचाई जाती है। उन्होंने कहा कि योजना के सफल क्रियान्वयन में लाभार्थियों की पहचान, राशन कार्ड संबंधी विवरणों का सत्यापन और आवश्यक डेटा का मिलान किया जाता है, ताकि निर्धारित पात्र परिवारों तक सहायता पहुंच सके। साथ ही पारदर्शिता बनाए रखने और किसी प्रकार की दोहरी सहायता, राशि के दुरुपयोग या अनियमितता को रोकने के लिए निगरानी एवं ऑडिट की व्यवस्था भी निर्धारित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी और उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि खुशियां साझा करने और एक-दूसरे के जीवन में सहयोग देने का अवसर भी है। सरकार की यह पहल दिल्ली के राशन कार्डधारक परिवारों को त्योहारों पर आर्थिक सहयोग प्रदान करने और उनके जीवन में खुशियां बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस मौके पर मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दीपावली और भाई दूज के पावन अवसर पर तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 15 लाख से अधिक पात्र राशन कार्डधारक परिवारों के बैंक खातों में लगभग 142 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी से भेजी गई। इससे पहले होली के अवसर पर भी पात्र परिवारों को इस योजना का लाभ दिया गया था। हमारा उद्देश्य केवल त्योहारों पर आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महंगाई के इस दौर में परिवारों के घरेलू खर्च को कम करना, माताओं-बहनों की बचत बढ़ाना और उनके जीवन में आर्थिक राहत एवं खुशहाली लाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774867 Articles

Share this story