यमुना में नहाने गए चार नाबालिग डूबे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। बाहरी उत्तरी जिले के अलीपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम यमुना नदी में नहाने गए चार नाबालिग तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और देर शाम तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा।

पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 7:46 बजे पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि गांव हिरनकी स्थित ठोकर नंबर-24 के पास यमुना नदी में चार नाबालिग लड़के डूब गए हैं। सूचना मिलते ही अलीपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि करीब 14 से 15 वर्ष आयु के पांच किशोर यमुना नदी में नहाने के लिए गए थे। नहाते समय अचानक चार नाबालिग नदी के तेज बहाव में फंस गए और देखते ही देखते पानी में बह गए। उनके साथ मौजूद पांचवें किशोर ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत नदी किनारे पहुंचे और बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक चारों नाबालिग तेज बहाव में बह चुके थे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और अन्य एजेंसियों को दी गई।

सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, डीडीएमए, दमकल विभाग तथा संबंधित एसडीएम को मौके पर बुलाया गया। सभी एजेंसियों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। नदी में गोताखोरों और बचाव दल की मदद से चारों किशोरों की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्चों के शव मिलने के बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल बच्चों का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी यमुना के इस हिस्से में तेज बहाव और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने पर चिंता जताई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में यमुना नदी और अन्य जलाशयों में नहाने से बचें, क्योंकि इस समय नदी का जलस्तर और बहाव बेहद खतरनाक हो सकता है। देर रात तक राहत एवं बचाव अभियान जारी था। सुबह दोबारा से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story