मंत्री इंद्राज ने 18 करोड़ की विकास परियोजना का किया शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री इंद्राज ने 18 करोड़ की विकास परियोजना का किया शिलान्यास


नई दिल्ली, 07 जून (हि.स.)। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने रविवार को प्रकाश विहार शाहबाद एक्सटेंशन-II में 18 करोड़ रुपये की लागत से गली एवं नाले के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। यह कार्य मुख्यमंत्री विकास निधि के अंतर्गत सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग कर रहा है।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री इंद्राज सिंह ने कहा कि बवाना विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से विकास कार्य न होने के कारण अनेक मूलभूत समस्याएं उत्पन्न हो गई थीं। वर्तमान सरकार इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व में समय पर विकास कार्य किए गए होते तो आज बवाना क्षेत्र की तस्वीर अलग होती। अब सरकार संकल्प के साथ कार्य कर रही है और बवाना के एक-एक क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि बवाना विधानसभा का कोई भी हिस्सा विकास से अछूता नहीं रहेगा तथा क्षेत्र को आधुनिक, विकसित एवं सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

मंत्री इंद्राज ने कहा कि सरकार पानी, बिजली, सड़क, नालियां, जल निकासी, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा तथा आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। यही कारण है कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार बढ़ रही है और लोगों को इसका लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने बताया कि 3 जून को ही रोहिणी सेक्टर-22 में नालों के पुनर्निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया था। यह बवाना विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके अतिरिक्त बवाना विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण किए जा रहे हैं तथा आने वाले समय में भी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रारंभ की जाएंगी।

बवाना विधानसभा क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के अपने प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 5 जून को उनके प्रयासों से दरियापुर कलां स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय (उपदेश कौर) का पुनः संचालन प्रारंभ हुआ है। विद्यालय में नर्सरी से बारहवीं तक शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे लगभग 700 से 800 बालिकाओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। यह बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में टाटा पावर-डीडीएल के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में दरियापुर गांव की हरिजन बस्ती में असुरक्षित 11 केवी ओवरहेड लाइन को सुरक्षित प्रणाली में परिवर्तित करने के कार्य का उद्घाटन किया गया तथा नरेला-बवाना रोड स्थित एनएबी (नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड) के नए व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र का शिलान्यास भी किया गया। यह दृष्टिबाधित जनों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story