कूड़ा फेंकने के विवाद में बीएसएफ सहायक कमांडर के घर पर की गोलीबारी

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)।दिल्ली के छावला थाना क्षेत्र स्थित दीनपुर एक्सटेंशन में कूड़ा फेंकने को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने शनिवार रात हिंसक रूप ले लिया। पड़ोस में रहने वाले एक घोषित बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक सहायक कमांडर के घर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि दीनपुर एक्सटेंशन में गोलीबारी चलने की सूचना मिली। शनिवार देर रात करीब 10:15 बजे जब उनके घर का मुख्य दरवाजा बंद था, तभी पड़ोसी युवक अपने साथियों के साथ तीन बाइकों पर सवार होकर वहां पहुंचा। आरोपितों ने पहले घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज की और फिर मुख्य गेट को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित परिवार के मुताबिक,हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए करीब 10 से 12 राउंड फायरिंग की। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस टीम को घटनास्थल से तीन खाली कारतूस बरामद हुए हैं। सूचना मिलते ही क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने भी मौके का मुआयना कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शिकायतकर्ता आदर्श और मुख्य आरोपित आपस में पड़ोसी हैं और दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से कूड़ा फेंकने को लेकर रंजिश चल रही थी। फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी छावला थाने का घोषित बदमाश है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी सहित उसके फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

नोएडा से पढ़ाई कर रहे पीड़ित आदर्श ने बताया कि उनके पिता बीएसएफ में सहायक कमांडर के पद पर हैं और वर्तमान में पंजाब के फाजिल्का में तैनात हैं। वे पिछले करीब तीन साल से दीनपुर एक्सटेंशन में अपनी मां के साथ रह रहे हैं। आदर्श का आरोप है कि पड़ोसी की मां आए दिन उनके परिवार के साथ गाली-गलौज करती रहती है। शनिवार रात हुई इस गोलीबारी में घर के अंदर रखे फूलदान और अन्य घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचा है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story