दरियागंज में तीन मंजिला मकान में लगी आग
नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। पुरानी दिल्ली के दरियागंज इलाके में मंगलवार दोपहर एक मकान की तीसरी मंजिल पर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दमकल विभाग के अनुसार, दोपहर करीब 2:45 बजे पाईवालन क्षेत्र स्थित 1569, पटौदी हाउस, दरियागंज में आग लगने की सूचना मिली। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग मकान की तीसरी मंजिल पर रखे घरेलू सामान में लगी थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियाें को मौके पर भेजा गया। आग बुझाने के अभियान का नेतृत्व स्टेशन ऑफिसर सुनील ने किया। दमकलकर्मियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया।
दमकल अधिकारी के अनुसार करीब एक घंटे तक चले अभियान के बाद शाम 3:45 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दमकल विभाग ने स्टॉप संदेश जारी करते हुए बताया कि आग घरेलू सामान तक ही सीमित रही और समय रहते उसे बुझा लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

