मालवीय नगर के रेस्टोरेंट में भीषण आग, बेसमेंट से तीन लोगों को बचाया गया
नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय कई लोगों के बेसमेंट में फंसे होने की आशंका जताई गई, जिसके बाद दमकल विभाग और पुलिस ने बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
दमकल विभाग के अनुसार सुबह करीब 8:50 बजे मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की शुरुआती छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग की गंभीरता को देखते हुए कुछ ही देर में अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी रवाना किया गया।
सुबह करीब 9:45 बजे दमकल अधिकारियों ने बताया कि बेसमेंट में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। तीनों को प्राथमिक उपचार के लिए कैट्स एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। बचाव अभियान के दौरान दमकल कर्मियों ने घने धुएं और ऊंचे तापमान के बीच अंदर जाकर लोगों को बाहर निकाला।
आग बुझाने के लिए कुल 10 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी करते रहे। दमकल विभाग की टीम लगातार रेस्टोरेंट के अंदर तलाशी अभियान चला रही है, क्योंकि आशंका है कि कुछ अन्य लोग भी अंदर फंसे हो सकते हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने और तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही नुकसान और अन्य तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

