कालकाजी फ्लाईओवर के पास रेस्तरां में आग, तीन एलपीजी सिलेंडर फटे, बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बचाया गया

WhatsApp Channel Join Now
कालकाजी फ्लाईओवर के पास रेस्तरां में आग, तीन एलपीजी सिलेंडर फटे, बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बचाया गया


कालकाजी फ्लाईओवर के पास रेस्तरां में आग, तीन एलपीजी सिलेंडर फटे, बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बचाया गया


नई दिल्ली, 14 जून (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी-गोविंदपुरी फ्लाईओवर के पास रविवार तड़के एक रेस्तरां और उससे सटी इमारत में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के दौरान तीन व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों में विस्फोट भी हुआ, जिससे आग और भड़क गई।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, रविवार सुबह करीब 4:45 बजे न्यू प्लेस थाना क्षेत्र में स्थित एच-ब्लॉक, पंजाबी तड़का रेस्तरां के पास आग लगने की सूचना मिली। रेस्तरां कालकाजी से गोविंदपुरी जाने वाले फ्लाईओवर के निकट, अंजली ज्वेलर्स और देशबंधु गुप्ता कॉलेज के पास स्थित है। सूचना मिलने पर शुरुआती तौर पर दो वाटर टेंडर, तीन वाटर बाउजर और एक ब्रेथिंग सपोर्ट यूनिट को मौके पर भेजा गया।

आग की गंभीरता को देखते हुए सुबह 5:05 बजे इसे मेक-4 श्रेणी घोषित कर दिया गया, जिसके बाद कुल नौ दमकल वाहनों को मौके पर लगाया गया। राहत एवं बचाव अभियान का नेतृत्व एडीओ यशवंत, एडीओ सरबजीत और एसओ राज कुमार ने किया।

अधिकारियों के अनुसार, आग बेसमेंट, भूतल से लेकर तीसरी मंजिल तथा तीसरी मंजिल की छत पर बने अस्थायी ढांचे तक फैल गई थी। इस दौरान तीन कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर भी फट गए। दमकल कर्मियों ने इमारत की दूसरी मंजिल पर फंसी 70 से 75 वर्षीय सीता देवी नामक बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू ऑपरेशन से एक बड़ा हादसा टल गया।

सुबह 5:40 बजे आग को पूरी तरह नियंत्रण में घोषित कर दिया गया। जबकि 5:45 बजे स्टॉप संदेश जारी किया गया। इसके बाद भी दमकल कर्मी कूलिंग ऑपरेशन में जुटे हुए ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story