विजय विहार में मकान में लगी आग , 18 बिजली मीटर और 6 वाहन जले, 23 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। दिल्ली के रोहिणी जिले के विजय विहार फेज-2 इलाके में मंगलवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि घर से उठती ऊंची लपटें और काला धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। आग के दौरान बिजली की तारों से लगातार चिंगारियां निकलती रहीं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग की मुस्तैदी से 23 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि दो लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 7:06 बजे रोहिणी के विजय विहार फेज-2 स्थित गली नंबर-5, श्मशान घाट रोड के पास एक चार मंजिला इमारत में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग छह गाड़ियाें काे माैके पर भेजा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद बिजली के मीटरों और तारों से लगातार चिंगारियां निकल रही थीं। देखते ही देखते आग ने ग्राउंड फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की वजह से बिल्डिंग में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए बाहर निकलने लगे। सुबह 7:35 बजे दमकल विभाग ने आग को नियंत्रण में होने की जानकारी दी। इसके बाद करीब 8 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

दमकल विभाग की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक आग ग्राउंड फ्लोर पर लगे 18 बिजली मीटरों में लगी थी। आग की चपेट में आने से तीन स्कूटी, दो मोटरसाइकिल और एक साइकिल भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें सबसे अहम बात यह रही कि दमकल कर्मियों ने समय रहते बिल्डिंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू कर दिया। कुल 23 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इनमें 22 लोगों को दमकल विभाग की टीम ने बाहर निकाला, जबकि एक व्यक्ति को दमकल टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने बचा लिया था। घटना में दो लोग घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए जयपुर गोल्डन अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल दोनों की हालत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने के दौरान बिजली की तारों से लगातार चिंगारियां निकल रही थीं, जिससे स्थिति और खतरनाक हो गई थी। आसपास रहने वाले लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए थे। प्रारंभिक तौर पर आग के पीछे शॉर्ट सर्किट या बिजली मीटरों में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां जांच में जुटी हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचता तो आग आसपास की इमारतों तक भी फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल स्थिति सामान्य है और अधिकारी घटना की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story