दिल्ली की आरबीआई बिल्डिंग में लगी आग, 15 मिनट में पाया गया काबू
नई दिल्ली, 05 मई (हि.स.)। नई दिल्ली जिले के पार्लियामेंट स्ट्रीट स्थित भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की इमारत में मंगलवार दोपहर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग भवन की छत पर लगे सोलर पैनल के बॉक्स में लगी थी। सूचना मिलते ही दिल्ली दमकल विभाग ने तत्काल छह दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दोपहर करीब 1:05 बजे आरबीआई भवन की छत पर आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को मिली। शुरुआती जानकारी में बताया गया कि छत पर स्थापित सोलर पैनल सिस्टम के एक बॉक्स से धुआं निकल रहा है, जिसके बाद आग तेजी से फैलने लगी। सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और आग को फैलने से पहले नियंत्रित कर लिया। अधिकारियों के मुताबिक करीब 1:20 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आग सोलर पैनल यूनिट के इलेक्ट्रिकल बॉक्स में लगी थी। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। तकनीकी टीम मामले की जांच कर रही है। घटना के दौरान आरबीआई भवन परिसर में मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
अधिकारियों का कहना है कि आग सीमित क्षेत्र में ही रही और भवन के अन्य हिस्सों तक नहीं फैल सकी। फिलहाल एहतियातन पूरे सिस्टम की तकनीकी जांच कराई जा रही है, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

