चंदन होला में प्रदर्शनी सामग्री के दो गोदामों में लगी आग, कई घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

WhatsApp Channel Join Now
चंदन होला में प्रदर्शनी सामग्री के दो गोदामों में लगी आग, कई घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू


चंदन होला में प्रदर्शनी सामग्री के दो गोदामों में लगी आग, कई घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू


नई दिल्ली, 05 जुलाई (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के चंदन होला इलाके में रविवार तड़के प्रदर्शनी (एक्जीबिशन) सामग्री से भरे दो टिन शेड गोदामों में आग लग गई। आग की लपटों ने कुछ ही देर में करीब दो एकड़ क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया और करीब साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दमकल विभाग के अनुसार, रात 2:11 बजे चंदन होला स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के पास फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली। शुरुआती तौर पर दो वाटर टेंडर और दो वाटर बाउजर मौके पर भेजे गए। आग तेजी से फैलने पर संसाधनों को लगातार बढ़ाया गया। पहले आग को मेक-4 और बाद में मेक-6 घोषित किया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुल 20 दमकल वाहन मौके पर लगाए गए। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी की। दमकल अधिकारियों के मुताबिक, आग प्रदर्शनी सामग्री से भरे दो टिन शेड गोदामों में लगी थी, जिनका कुल क्षेत्रफल करीब दो एकड़ था। आग की तीव्रता के कारण टिन शेड ढह गए, जिससे बुझाने के कार्य में काफी कठिनाई आई।

अधिकारियों के अनुसार, सुबह 5:40 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। सुबह 6:30 बजे दमकल विभाग ने आग बुझाने का अभियान समाप्त करते हुए बताया कि मौके पर केवल कूलिंग का कार्य जारी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि गोदामों में रखा लाखों रुपये का सामान राख हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story