शास्त्री पार्क फर्नीचर मार्केट में आग, रातभर धधकती रहीं दुकानें

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 23 मई (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी जिले के शास्त्री पार्क स्थित फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी मार्केट धुएं और ऊंची लपटों की चपेट में आ गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

जानकारी के मुताबिक, रात 11:57 बजे फायर कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके के लिए रवाना कर दी गईं। आग की भयावहता को देखते हुए लगातार अतिरिक्त संसाधन भेजे गए। रात करीब 1:20 बजे तक 23 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी थीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान लगातार जारी था।

दमकल विभाग के डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर डी.बी. मुखर्जी के अनुसार, फर्नीचर मार्केट में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। लकड़ी, फोम, प्लास्टिक और अन्य सामान के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही समय में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। हालात को देखते हुए आग को ‘मीडियम कैटेगरी फायर’ घोषित किया गया।

आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। संकरी गलियों और लगातार उठ रही तेज लपटों के बीच राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना रहा। आग की वजह से आसपास के इलाके में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इस दौरान प्रशासन और राहत कार्य को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि कुछ लोगों ने दमकल विभाग की गाड़ियों पर पथराव कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई।

फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग से काफी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। कई दुकानें आग की चपेट में आ गईं, जिससे कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story