ई-रिक्शा में पत्नी-बच्चों को बैठाकर करते थे लूटपाट, दो महिलाओं समेत परिवार के चार सदस्य गिरफ्तार
नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। ई-रिक्शा में पत्नी और बच्चों को साथ बैठाकर यात्रियों से लूटपाट करने वाले एक परिवार का पूर्वी जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि परिवार के सदस्य ई-रिक्शा में सवारी बनकर बैठते थे और महिलाओं व बच्चों की मौजूदगी में यात्रियों को शक नहीं होने देते थे। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर चाकू की नोक पर लूटपाट करते थे। आरोपियों ने 14 नवंबर की रात धर्मशिला पुल के पास एक यात्री से पांच हजार रुपये, आधार कार्ड और वोटर पहचान पत्र लूट लिया था।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित राजेश कुमार ने 14 नवंबर की रात करीब 10:59 बजे पीसीआर कॉल कर लूट की सूचना दी थी। उसने बताया कि ई-रिक्शा चालक ने दो महिलाओं और दो बच्चों की मौजूदगी में चाकू दिखाकर उससे पांच हजार रुपये लूट लिए। जांच में पता चला कि राजेश रात करीब 10:30 बजे नोएडा टी-पॉइंट से आनंद विहार बस टर्मिनल जाने के लिए डीएल7ईआर नंबर के ई-रिक्शा में सवार हुआ था। ई-रिक्शा में पहले से दो महिलाएं और दो बच्चे बैठे हुए थे।
रास्ते में चालक ने ई-रिक्शा धर्मशिला अस्पताल की तरफ मोड़ दिया। उसने राजेश को बताया कि उसे पत्नी और बच्चों को घर छोड़ना है। इसके बाद वह उसे धर्मशिला पुल के पास सुनसान जगह पर ले गया। वहां चाकू दिखाकर पांच हजार रुपये, आधार कार्ड और वोटर पहचान पत्र छीन लिए। आरोप है कि ई-रिक्शा में मौजूद दोनों महिलाओं ने भी पीड़ित को डराया और चालक की मांग मानने के लिए दबाव बनाया। इस मामले में न्यू अशोक नगर थाने में एफआईआर नंबर 823/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4)/3(5) में मामला दर्ज किया गया।
डीसीपी पूर्वी जिला राजीव कुमार के मुताबिक, पुलिस ने ई-रिक्शा के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक कल्याणपुरी निवासी 55 वर्षीय अंसार का पता लगाया। पूछताछ में सामने आया कि ई-रिक्शा उनका बेटा जुबैर चलाता है। जांच में यह भी पता चला कि जुबैर और उसके बहनोई नजरे आलम के खिलाफ पहले भी सनलाइट कॉलोनी थाने में लूट का मामला दर्ज है।
पुलिस ने तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। 20 नवंबर को जुबैर को तुर्कमान गेट इलाके से गिरफ्तार किया गया। इसके अगले दिन 21 नवंबर को नजरे आलम को लाजपत नगर अंडरपास के पास से पकड़ा गया। बाद में नजरे आलम की पत्नी मुस्कान और जुबैर की मां इशरत को भी लाजपत नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। उस समय उनके साथ दो नाबालिग बच्चे भी मौजूद थे।
पुलिस ने वारदात के दौरान ई-रिक्शा के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें ई-रिक्शा के अगले हिस्से में लाल स्वेटर पहने एक पुरुष और नीले सूट में एक महिला दिखाई दिए। पुलिस के अनुसार, फुटेज में दिख रहे कपड़े गिरफ्तारी के समय नजरे आलम और मुस्कान के पहने कपड़ों से मेल खाते थे। जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार के कई सदस्य मिलकर इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे और महिलाओं व बच्चों की मौजूदगी का इस्तेमाल पुलिस और यात्रियों को शक से बचाने के लिए करते थे।
पुलिस ने जुबैर की निशानदेही पर कल्याणपुरी स्थित एक मकान से वारदात में इस्तेमाल चाकू, पीड़ित राजेश का आधार कार्ड, वोटर पहचान पत्र और 710 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, जुबैर और नजरे आलम पहले भी सनलाइट कॉलोनी थाने में दर्ज लूट के एक मामले में शामिल रहे हैं। पुलिस अब चारों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने इस तरीके से अन्य वारदातों को तो अंजाम नहीं दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

