केंद्रीय कृषि मंत्री ने ‘वृक्ष मित्र परिवार’ बनाने का किया आह्वान, दिल्ली सरकार ने अब तक 40.49 लाख पौधे लगाए
नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को दिल्ली रिज स्थित पीबीजी ग्राउंड सेंट्रल रिज में दिल्ली सरकार के पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर दिल्ली के पर्यटन मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह भी मौजूद रहे।
शिवराज सिंह चौहान ने इस मौके पर देशभर में ‘वृक्ष मित्र परिवार’ बनाने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रकृति के संरक्षण के इस अभियान से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के 70 लाख पौधरोपण का लक्ष्य इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसे जनता की सक्रिय भागीदारी से हासिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी ऐसे अभियानों में लोगों के भीतर स्वामित्व की भावना पैदा करती है और इन्हें दीर्घकालिक एवं टिकाऊ बनाती है।
चौहान ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा पौधों की जियो-टैगिंग करने तथा पौधरोपण करने वाले लोगों को पेड़ के आकार, आयु और विकास से संबंधित नियमित जानकारी उपलब्ध कराने की पहल एक उत्कृष्ट अभियान है। इससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि पौधे केवल रोपित ही न जाएं, बल्कि जीवित रहें और स्वस्थ पेड़ों के रूप में विकसित हों। उन्होंने कहा कि पेड़ केवल हमारी विरासत नहीं हैं, बल्कि पक्षियों, पशुओं और आने वाली पीढ़ियों के जीवन का आधार भी हैं। इसलिए इनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत दिल्ली के मेगा पौधरोपण अभियान 2026 में 70 लाख पौधों के लक्ष्य के मुकाबले अब तक लगभग 40.49 लाख पौधे लगाए हैं। इसके साथ ही दिल्ली ने पौधरोपण लक्ष्य का लगभग 58 फीसद हासिल कर लिया है।
सिरसा ने कहा कि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश को दिखाया है कि पेड़ों के साथ भावनात्मक जुड़ाव किस प्रकार एक शक्तिशाली जनआंदोलन का रूप ले सकता है। दिल्ली इसी दृष्टिकोण से प्रेरणा लेते हुए यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है कि नागरिक पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय भागीदार बनें।
मंत्री सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार तकनीक का उपयोग यह सुनिश्चित करने के लिए कर रही है कि पौधरोपण केवल जमीन में पौधा लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि उसके जीवित रहने और स्वस्थ विकास में भी परिवर्तित हो। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा लगाए जा रहे प्रत्येक पौधे की जियो-टैगिंग की जा रही है और उसके स्थान, फोटो, ऊंचाई तथा अन्य आवश्यक जानकारी को डिजिटल रूप से दर्ज किया जा रहा है। पौधरोपण अभियान में भाग लेने वाले नागरिकों को एक क्यूआर कोड भी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके माध्यम से वे अपने द्वारा लगाए गए पेड़ की नवीनतम तस्वीर और उससे जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के रिज क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पुनर्स्थापना कार्य भी कर रही है। वर्तमान में लगभग 51 स्थानों पर रिज के पुनरुद्धार का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का मुख्य उद्देश्य स्थानीय पौधों की प्रजातियों को बढ़ावा देकर और स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र के अनुकूल न होने वाली प्रजातियों की मौजूदगी को कम करके रिज के प्राकृतिक एवं पारिस्थितिक स्वरूप को पुनर्स्थापित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

