ड्रग्स तस्करी के मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 21 फ़रवरी (हि.स.)। पूर्वी जिला के एंटी नारकोटिक्स स्क्वायड ने बदायूं से स्मैक लाकर दिल्ली एनसीआर में सप्लाई करने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान गांव गंगोला, दातागंज, बदायूं, यूपी निवासी अमीन खान (24), राशिद (38) और गांव नोनी, दातागंज, बदायूं, यूपी निवासी बलबीर (34) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से कुल 3.27 ग्राम उम्दा किस्म की स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की कीमती 60 लाख रुपये स ज्यादा बताई है। आरोपित अमीन राशिद से स्मैक लाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था। राशिद भी बलबीर से स्मैक लेता था। पुलिस ने एक-एक कर तीनों को दबोच लिया।
पूर्वी जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि 12 फरवरी को एंटी नारकोटिक्स स्क्वायड को खबर मिली कि अमीन खान नामक युवक स्मैक सप्लाई करने एनएच-24, नोएडा लिंक रोड, समयपुर गांव के पास आने वाला है। जानकारी जुटाने के बाद टीम ने आरोपी अमीन खान को दबोच लिया। उसके पास से 291 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी ने बताया कि वह स्मैक बदायूं में राशिद से लाया था। पुलिस ने जानकारी जुटाने के बाद राशिद को 15 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया। राशिद ने बलबीर का नाम बताया। टीम ने बाद में उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 35.85 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

