डूसू चुनाव शांतिपूर्ण करवाने के लिए डीयू प्रशासन सख्त, छह सौ सीसीटीवी कैमरों से हो रही है निगरानी

WhatsApp Channel Join Now
डूसू चुनाव शांतिपूर्ण करवाने के लिए डीयू प्रशासन सख्त, छह सौ सीसीटीवी कैमरों से हो रही है निगरानी


डूसू चुनाव शांतिपूर्ण करवाने के लिए डीयू प्रशासन सख्त, छह सौ सीसीटीवी कैमरों से हो रही है निगरानी


नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से करवाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।

इस अवसर पर उनके साथ दिल्ली पुलिस के एसीपी राजेंद्र प्रसाद सहित दिल्ली विश्वविद्यालय प्रॉक्टर ऑफिस की टीम भी उपस्थित रही।

दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर प्रो. मनोज कुमार सिंह ने बुधवार को एक पत्रकार वार्ता में जानकारी दी कि डूसू चुनाव के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के उत्तरी और दक्षिणी परिसरों में पांच सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों के साथ मुख्य मार्गों पर निगरानी रखी जा रही है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रो. मनोज कुमार ने बताया कि डूसू चुनाव के दौरान लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों का पूरी कड़ाई के साथ पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस के सहयोग से विश्वविद्यालय के सभी मार्गों पर गाड़ियों पर सख्त नजर रखी जा रही है।

प्रो. मनोज कुमार सिंह ने कहा डिफेसमेंट (विरूपण) की भी कोई सूचना अभी तक नहीं मिली है। डीयू की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर सामूहिक मुहिम चलाई है जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को समझाया है कि नियमों का पालन न करने पर नॉमिनेशन भी कैंसिल हो सकता है और चुनाव भी कैंसिल हो सकता है। प्रो. मनोज कुमार ने बताया कि चुनाव प्रचार के लिए छपे हुए (प्रिंटेड) पर्चे या पोस्टरों पर पूर्ण प्रतिबंध है। हाथ से लिखे पोस्टर विश्वविद्यालय परिसर में केवल ‘वाल ऑफ डेमोक्रेसी’ पर ही लगाए जा सकते हैं। उन्होंने सभी 54 कॉलेजों के प्रिंसिपलों से भी आग्रह किया है कि वे अपने-अपने कॉलेजों में 10 X10 फुट की 2-2 ‘वाल ऑफ डेमोक्रेसी’ बनाएं जिनमें से एक डूसू के लिए और एक कॉलेज कमेटी के लिए हो।

प्रो. मनोज कुमार ने बताया कि चुनाव प्रचार के लिए 5 से अधिक विद्यार्थी नहीं जा सकेंगे। लड़कियों के कॉलेज में केवल लड़कियां ही जा सकेंगी। उम्मीदवारों की गाड़ियों में शराब अथवा मादक पदार्थ पाए जाने पर तुरंत नॉमिनेशन कैंसल होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान और चुनाव के पश्चात भी डीयू प्रशासन लड़कियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। डीयू के उत्तरी और दक्षिणी परिसरों निकट के पीजी एरिया में भी अराजक तत्वों पर नजर रखी जाएगी। इसके लिए एनसीसी और एनएसएस के कैडेटों को भी मुहिम में शामिल किया जाएगा। प्रॉक्टर ने कहा कि हम किसी को सजा देना नहीं चाहते, हमार उद्देश्य लिंगदोह कमेटी के अनुरूप डूसू चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से करवाना है।

पत्रकार वार्ता के दौरान मौजूद दिल्ली पुलिस के एसीपी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि सभी संभावित उम्मीदवार कम से कम वाहन इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि पुलिस की सब पर पैनी नजर है। जो भी कानूनों की उलंघना करेगा उसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। काले सीसों से लेकर वाहनों की गलत पार्किंग तक पर पुलिस की पैनी नजर है। नियम और कानूनों की उलंघना करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है, ताकि डूसू चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story