डीयू कुलपति का दिवाली मिलन: एक अच्छा काम करने और एक खराब आदत छोड़ने का संकल्प लें

WhatsApp Channel Join Now
डीयू कुलपति का दिवाली मिलन: एक अच्छा काम करने और एक खराब आदत छोड़ने का संकल्प लें


नई दिल्ली, 05 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने गुरुवार को दिवाली मिलन कार्यक्रम के अवसर पर डीयू के सफाई और बागवानी कर्मचारियों आदि को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस दिवाली पर सभी लोग संकल्प लें कि कम से कम एक अच्छा काम करेंगे और एक खराब काम छोड़ेंगे।

इस अवसर पर प्रो. योगेश सिंह ने सभी कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी संस्थान के लिए हर कर्मचारी का अपना महत्व होता है। सभी लोग संस्थान की रीढ़ होते हैं। इस दौरान कुलपति ने उपस्थित कर्मचारियों से संवाद भी किया। उन्होंने कर्मचारियों को शाल व मिठाई देकर सम्मानित किया।

प्रो. योगेश सिंह ने उपस्थित कर्मचारियों को सलाह देते हुए कहा कि इस दिवाली के अवसर पर वह सभी कोई न कोई पेंशन स्कीम जरूर लें और उसमें 500 या हजार रुपये महीना डालने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि इसके लिए कोई भी एक आदत छोड़ सकते हैं, जिसमें 500 रुपये व्यर्थ जा रहे हों। साथ ही 500 रुपये महीना से कोई म्यूचुअल फंड शुरू करने का भी संकल्प लें, ताकि आने वाले समय में आर्थिक जरूरतों में काम आ सके।

कुलपति ने कामना की कि यह दिवाली सभी के लिए शुभ हो।

इस अवसर पर उनके साथ डीन ऑफ कॉलेजेज प्रो. बलराम पाणी, दक्षिणी परिसर की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी, रजिस्ट्रार डॉ विकास गुप्ता और डीयू सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष एवं पीआरओ अनूप लाठर भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story