डीयू ने सीईएस 2025-26 के लिए आवेदन किया आमंत्रित

WhatsApp Channel Join Now
डीयू ने सीईएस 2025-26 के लिए आवेदन किया आमंत्रित


नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय ने ‘कॉम्पिटेंस एनहांसमेंट स्कीम’ (सीईएस) 2025-26 के तहत दाखिले के लिए इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किया। इस योजना के अंतर्गत विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों और कॉलेजों में सभी सेमेस्टर में पढ़ाए जाने वाले पेपरों में दाखिला लिया जा सकता है।

विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफ लॉन्ग लर्निंग (आईएलएलएल) की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत सीईएस का उद्देश्य किसी भी उम्र के शिक्षार्थियों को अपनी शैक्षणिक और व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने का अवसर उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से इच्छुक व्यक्ति दिल्ली विश्वविद्यालय के विभागों और कॉलेजों में नियमित छात्रों के साथ मौजूदा पाठ्यक्रम के पेपरों का अध्ययन कर सकते हैं।

योजना का उद्देश्य उन लोगों को शिक्षा से जुड़ने का अवसर देना है, जो किसी कारणवश पहले उच्च शिक्षा हासिल नहीं कर सके। इसके साथ ही नवीनतम तकनीक, ज्ञान और नवाचार के माध्यम से शैक्षणिक एवं पेशेवर कौशल को उन्नत करना और वरिष्ठ नागरिकों समेत सभी वर्गों को जीवनभर सीखने के अवसर उपलब्ध कराना भी इसका लक्ष्य है।

आईएलएलएल के अनुसार, किसी भी मौजूदा पेपर के लिए निर्धारित न्यूनतम पात्रता मानदंड और पूर्व-आवश्यकताओं को पूरा करने वाला व्यक्ति सीईएस के लिए पंजीकरण कर सकता है। किसी पेपर में दाखिला संबंधित विभाग या कॉलेज में उपलब्ध सीटों पर निर्भर करेगा। सीईएस के तहत उपलब्ध सीटों को सुपरन्यूमरेरी यानी अतिरिक्त सीटों के रूप में माना जाएगा।

विश्वविद्यालय ने इच्छुक उम्मीदवारों से उपलब्ध पेपरों, पात्रता मानदंड, पंजीकरण प्रक्रिया और शुल्क संरचना समेत अन्य जानकारी के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल और आईएलएलएल की वेबसाइट पर उपलब्ध सीईएस ई-ब्रोशर देखने को कहा है।

सीईएस 2025-26 के तहत पेपरों के अध्ययन के लिए इच्छुक उम्मीदवार विश्वविद्यालय के निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। विश्वविद्यालय के अनुसार, सीईएस के लिए पंजीकरण और दाखिले की प्रक्रिया पूरे वर्ष खुली रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story