डीटीसी ने शुरु किया नया रूट 806ए और देवी रूट डी-6606

WhatsApp Channel Join Now
डीटीसी ने शुरु किया नया रूट 806ए और देवी रूट डी-6606


डीटीसी ने शुरु किया नया रूट 806ए और देवी रूट डी-6606


नई दिल्ली, 12 जून (हि.स.)। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने एक नया रूट 806ए शुरू किया है। ‘देवी रूट’ डी-6606 को लॉन्च करने के साथ ही मौजूदा रूट आरएल-79 का विस्तार किया गया है, ताकि दिल्ली के तेजी से विकसित हो रहे रिहायशी और बाहरी इलाकों में रहने वाले नागरिकों को बेहतर परिवहन की सुविधाएं मिल सके।

दिल्ली के द्वारका मोड़ और पापरावत गांव के बीच पायलट आधार पर शुरू किया गया नया रूट 806ए सेवा, पापरावत गांव, नांगली सकरावती, ककरोला और आस-पास के इलाकों के नागरिकों को सीधी बस कनेक्टिविटी देगी। यह रूट दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के ग्रामीण और शहरी सीमावर्ती इलाकों में बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करता है। इससे यात्रियों की बीच के ट्रांसपोर्ट साधनों पर निर्भरता कम होने के साथ रोजाना का सफर ज़्यादा किफायती और सुविधाजनक बनेगी।

डीटीसी ने ‘देवी रूट D-6606’ को शुरू किया है, जो उत्तम नगर टर्मिनल को डीडीए फ्लैट्स बक्करवाला से जोड़ता है। यह रूट बक्करवाला, काकरोला, मटियाला और द्वारका सेक्टर जैसे तेजी से विकसित हो रहे रिहायशी इलाकों को सेवा प्रदान करेगा। इन इलाकों को प्रमुख मेट्रो स्टेशनों और ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर से जोड़कर यह सर्विस छात्रों, कामकाजी लोगों और स्थानिय निवासियों को फायदा पहुंचाएगी, जिससे लोगों को शैक्षणिक संस्थानों, कमर्शियल सेंटर्स और सार्वजनिक सेवाओं तक आसानी से पहुंचने में मदद मिलेगी।

डीटीसी ने रूट नंबर आरएल-79 को द्वारका सेक्टर-23 पोचनपुर से आगे बढ़ाकर द्वारका सेक्टर-23बी (महादेव अपार्टमेंट्स) तक कर दिया है। इस विस्तार से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और द्वारका के नए विकसित रिहायशी इलाकों के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे सेक्टर-23बी और आस-पास की कॉलोनियों के लोगों के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट तक पहुंच काफी बेहतर हो जाएगी। इस कदम से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं होगी और दिल्ली के तेज़ी से विकसित हो रहे रिहायशी इलाकों में से एक में नेटवर्क कवरेज और ज्यादा मजबूत होगा।

परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार एक सुलभ, कुशल और नागरिक-केंद्रित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। नए विकसित हो रहे रिहायशी इलाकों और बाहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की आवागमन की जरूरतों और बेहतर सार्वजनिक परिवहन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इन रूटों को जोड़ने और विस्तार करने की योजना बनाई गई है।

लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाकर हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि ज़्यादा से ज़्यादा नागरिक आसानी से मेट्रो स्टेशनों, मुख्य ट्रांसपोर्ट हब, शिक्षण संस्थानों और कार्यस्थलों तक पहुंच सकें। ये पहल सार्वजनिक परिवहन को अधिक समावेशी, किफायती और सुविधाजनक बनाने के साथ-साथ पूरी दिल्ली में सतत और ग्रीन मोबिलिटी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की हमारी लगातार कोशिशों को दर्शाती हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story