कांग्रेस ने की डीटीसी कर्मचारी कल्याण कोष में हुए गबन की जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने की डीटीसी कर्मचारी कल्याण कोष में हुए गबन की जांच की मांग


नई दिल्ली, 05 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) कर्मचारी कल्याण कोष में 22 लाख से अधिक राशि का डीटीसी के सोशल वेलफेयर विभाग के कर्मचारियों द्वारा गबन करने की जांच करने की मांग की।

उन्होंने गुरुवार को एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कर्मचारियों के कोष से जुड़े इस मुद्दे पर दिल्ली के उप-राज्यपाल और मुख्यमंत्री स्वयं हस्तक्षेप करके दोषी कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज करके अपराधिक और विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि संभव हो तो उप-राज्यपाल अथवा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपनी सरकार के तहत डीटीसी विभाग में गड़बड़ी के इस मामले की जांच सीबीआई से भी करा सकते हैं।

देवेंद्र यादव ने कहा कि लगभग 97 हजार करोड़ रुपये का घाटा झेल रही डीटीसी में कार्यरत कर्मचारियों के कल्याण कोष में 22 लाख की धोखाधड़ी होगी तो पब्लिक के लिए कर्तव्य निभाने में कैसे मानसिक रूप से स्वस्थ्य होकर अपनी ड्यूटी कर सकते हैं? उन्होंने कहा कि अगर इस प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच कराई गई तो डीटीसी में फैले संगठित भ्रष्टाचार एवं धोखाधड़ी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होगा।

देवेंद्र यादव ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से भी अधिक समय से डीटीसी में मुख्य सर्तकता अधिकारी (सीवीओ) का पद खाली है। डीटीसी में सीवीओ के पद को अतिरिक्त प्रभार की व्यवस्था के तहत विभागीय अधिकारी को नाममात्र रखा गया है, जबकि इस पर आईपीएस अधिकारी की पूर्णकालिक नियुक्ति होनी चाहिए ताकि विभाग में भ्रष्टाचार के मामलों पर रोक लगाई जा सके।

देवेंद्र यादव ने कहा कि डीटीसी कर्मचारी कल्याण कोष के फंड में धोखाधड़ी करने वाले उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए जिन्होंने दस्तावेजों को अपनी स्वीकृति दी। उन्होंने कहा कि डीटीसी जैसे सार्वजनिक संस्थान में लोगों का विश्वास बहाल करने के लिए पारदर्शिता के साथ अधिकारियों की जवाबदेही तय करना बहुत जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story