डीटीसी बस ने पांच वाहनों को मारी टक्कर, स्कूटी सवार की मौत, महिला चालक गिरफ्तार
नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में एक तेज रफ्तार डीटीसी बस ने पांच वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार 40 वर्षीय अतुल भारद्वाज की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके से कथित तौर पर फरार महिला बस चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हादसा डीबीजी रोड थाना क्षेत्र में डीबीजी रोड और राम स्वरूप विद्यार्थी मार्ग के टी-पॉइंट पर मिलिट्री रोड के पास बस स्टैंड के नजदीक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पता चला कि डीटीसी बस ने एक के बाद एक दो स्कूटी, एक बाइक, एक ई-रिक्शा और एक सामान्य रिक्शा को टक्कर मार दी।
हादसे में रानीखेड़ा निवासी अतुल भारद्वाज (40) की मौके पर मौत हो गई। उनकी स्कूटी पर पीछे बैठे प्रेम नगर निवासी भूषण कुमार (38) घायल हो गए। वहीं, दूसरी स्कूटी चला रहे बापा नगर निवासी राकेश (48) को भी चोटें आईं। इसके अलावा बिहार के भागलपुर निवासी रिक्शा चालक ध्रुव कुमार मिश्रा (56) और शकूरपुर निवासी बाइक सवार दीपक (34) भी हादसे में घायल हुए। दीपक को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस के अुनसार पीसीआर कर्मियों ने अतुल भारद्वाज को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अन्य घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एलएचएमसी और जीवन माला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
हादसे में शामिल डीटीसी बस को हरियाणा के फतेहाबाद निवासी रेणु बाला (26) चला रही थी। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद वह कथित तौर पर मौके से चली गई थी। बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया। डीबीजी रोड थाना पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

