दिल्ली पुलिस सप्ताह के तहत महिला सुरक्षा पर नुक्कड़ नाटक, जागरूकता का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली पुलिस सप्ताह के तहत महिला सुरक्षा पर नुक्कड़ नाटक, जागरूकता का दिया संदेश


दिल्ली पुलिस सप्ताह के तहत महिला सुरक्षा पर नुक्कड़ नाटक, जागरूकता का दिया संदेश


नई दिल्ली, 21 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली पुलिस सप्ताह के अवसर पर महिला सुरक्षा को लेकर शनिवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। महिला एवं बाल विशेष पुलिस इकाई (एसपीयूडब्ल्यूएसी) ने वसंत कुंज, आरके पुरम (झुग्गी बस्ती क्षेत्र) और खान मार्केट में महिला सुरक्षा जागरूकता विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय और संवादों के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, कानूनी अधिकार, साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा की रोकथाम और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 व 1091 पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

महिला एवं बाल विशेष पुलिस इकाई की पुलिस उपायुक्त अंजीथा चेप्याला के अनुसार नुक्कड़ नाटक के जरिए यह संदेश दिया गया कि महिलाएं किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न को सहन न करें और तुरंत पुलिस या संबंधित एजेंसियों से संपर्क करें। कलाकारों ने वास्तविक जीवन से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से साइबर ठगी, ऑनलाइन उत्पीड़न और घरेलू हिंसा जैसे मुद्दों पर जागरूक किया।

वहीं कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों, बाजार में मौजूद लोगों और विशेष रूप से महिलाओं व किशोरियों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम के दौरान कई महिलाओं ने सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने भी मौके पर उपस्थित लोगों को कानून संबंधी जानकारी दी और सुरक्षा उपायों के बारे में बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story