केशवपुरम इलाके में माचिस मांगने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या

WhatsApp Channel Join Now
केशवपुरम इलाके में माचिस मांगने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या


नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। केशवपुरम इलाके में सिगरेट जलाने के लिए माचिस मांगने को लेकर हुए विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात में उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक भी घायल हो गया। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार करने के साथ एक नाबालिग को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नरेश बहादुर उर्फ नेपाली (19) और तरुण (19) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, नरेश ने चाकू से भवानि और आशा राम पर हमला किया, जबकि तरुण और नाबालिग ने दोनों के साथ मारपीट की। मुख्य आरोपित की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून लगा चाकू बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को केशवपुरम थाने में चाकूबाजी की पीसीआर कॉल मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो डीएसआईआईडीसी शराब की दुकान के सामने फुटपाथ पर खून पड़ा मिला। जांच में पता चला कि दो घायल युवकों को दीपचंद बंधु अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल में भवानि (30) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर के बाईं तरफ पीठ में गहरा घाव था। वहीं आशा राम (32) का इलाज चल रहा था। उसके बाईं तरफ सीने के निचले हिस्से में चाकू लगा था और वह बयान देने की स्थिति में नहीं था।

जांच में पता चला कि भवानि और आशा राम का 2-3 युवकों से माचिस मांगने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, युवकों ने सिगरेट जलाने के लिए उनसे माचिस मांगी थी। माचिस नहीं देने पर कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने दोनों पर हमला कर दिया। इसी दौरान नरेश ने चाकू से दोनों पर वार किए। मामले में एफआईआर नंबर 321/26, धारा 103(1)/109(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। मौके पर क्राइम टीम को बुलाकर जांच कराई गई और साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस ने नरेश और तरुण को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, नरेश की निशानदेही पर खून लगा चाकू बरामद हुआ। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story