दिल्ली विधानसभा परिसर में बनेगा नया संग्रहालय : विजेंद्र गुप्ता
नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा परिसर में शीघ्र ही एक आधुनिक एवं अत्याधुनिक संग्रहालय स्थापित किया जाएगा। यह बात दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र–छात्राओं को संबोधित करते हुए कही। सचिवालय की युवा संपर्क कार्यक्रम के तहत छात्रों से संवाद करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने परिसर को आम जनता के लिए एक शैक्षिक गंतव्य के रूप में विकसित करने की योजनाओं की जानकारी दी।
प्रस्तावित संग्रहालय में दुर्लभ ऐतिहासिक कलाकृतियो, अभिलेखीय दस्तावेजों और आजादी से पूर्व एवं आजादी के बाद विधानसभा के विकासक्रम को दर्शाने वाली संवादात्मक प्रदर्शनियों को प्रदर्शित किया जाएगा। वर्ष 1912 में निर्मित इस ऐतिहासिक स्थल के कुछ हिस्सों को सुव्यवस्थित एवं विषयवस्तु-आधारित सार्वजनिक स्थान के रूप में विकसित कर सचिवालय का उद्देश्य आगंतुकों को राष्ट्र के विधायी अतीत के महत्वपूर्ण एवं आधारभूत पड़ावों से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह पहल राजधानी के युवाओं और शोधार्थियों के लिए अनुभवात्मक शिक्षण केंद्र के रूप में कार्य करेगी। नागरिकों को स्थानीय लोकतंत्र के इस केंद्र तक प्रत्यक्ष पहुंच प्रदान करने से उनमें लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति स्वामित्व और सहभागिता की भावना मजबूत होगी तथा भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति जन-आदर और समझ को और गहरा किया जा सकेगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों से छात्र इस कार्यक्रम में शामिल हुए, जिनमें भगिनी निवेदिता कॉलेज, शिवाजी कॉलेज, राजधानी कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, पीजीडीएवी कॉलेज, शहीद भगत सिंह कॉलेज और हंसराज कॉलेज शामिल थे। छात्रों ने दिल्ली विधानसभा भवन का दौरा किया और इसकी ऐतिहासिक एवं विधायी विरासत से परिचित हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

