दिल्ली के विश्वासनगर में ई-रिक्शा चार्जिंग से लगी आग में 4 लोगों की मौत, 2 झुलसे

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली के विश्वासनगर में ई-रिक्शा चार्जिंग से लगी आग में 4 लोगों की मौत, 2 झुलसे


दिल्ली के विश्वासनगर में ई-रिक्शा चार्जिंग से लगी आग में 4 लोगों की मौत, 2 झुलसे


नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर में गली नंबर-11, यूनिटी मॉल के पास मकान के ग्राउंड फ्लोर पर चल रहे ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन में रविवार सुबह आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से झुलस हो गए। मृतकों की पहचान महेंद्र, ठाकुर, अशोक और सादू के रूप में हुई है। सभी उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के रहने वाले थे। घायलों में एक की पहचान रामवीर (50)के रूप में हुई है। दोनों घायलों को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शाहदरा डीसीपी आरपी मीणा ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट से लगना प्रतीत हो रही है। पहली मंजिल पर सो रहे लोग ही इसकी चपेट में आए। मकान मालिक नवीन सैनी कांति नगर में रहते हैं। उन्होंने मकान किराए पर दिया हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दमकल विभाग को सुबह करीब 4:13 बजे आग लगने की सूचना मिली। मौके पर 3-4 दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और करीब 5 बजे तक आग पर काबू पाया गया। मकान करीब 60 वर्ग गज में बना है। ग्राउंड फ्लोर पर ई-रिक्शा चार्ज पर लगे थे।

पुलिस के अनुसार, शुरुआत में बैटरी ओवरचार्ज/शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। आग से 4 ई-रिक्शा पूरी तरह जलकर राख हो गए। मकान में करीब 40 लोग रह रहे थे। आग लगते ही धुआं ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गया। छत के दरवाजे पर ताला लगा था, जिसे लोगों ने तोड़कर जान बचाई। कुछ लोग पड़ोसी की छत पर कूदकर बचे। पड़ोसियों ने अपने घरों से पाइप निकाल कर आग बुझाने में मदद की।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने ई रिक्शा बैट्री चार्ज के दौरान हुए हादसे में 4 लोगों की मौत पर दुख प्रकट किया। उन्होने बढ़ते ई रिक्शा बैटरी हादसे पर चिंता जताते हुए कहा कि लोग सस्ती बिजली के लालच में घरों में बैटरी चार्ज करते हैं, अतः बिजली डिस्कॉम को इन लोगों को सस्ती दरों पर सुरक्षित चार्ज पॉइंट देने की नीति पर विचार करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785172 Articles

Share this story