मुख्यमंत्री ने एक दीप सैनिकों और पुलिसकर्मियों के नाम जलाने का किया आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने एक दीप सैनिकों और पुलिसकर्मियों के नाम जलाने का किया आह्वान


मुख्यमंत्री ने एक दीप सैनिकों और पुलिसकर्मियों के नाम जलाने का किया आह्वान


नई दिल्ली, 08 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दीपावली के पावन अवसर पर सभी दिल्लीवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि हम सभी अपने परिवारों के साथ हंसी-खुशी और सुकून से त्योहार मना पाते हैं, क्योंकि देश के लाखों जवान दिन-रात हमारी सीमाओं की रक्षा में तैनात रहते हैं। उनका समर्पण और सतर्कता हमें सुरक्षित वातावरण में अपने त्योहार मनाने का अवसर देता है। मुख्यमंत्री ने एक दीप सैनिकों और पुलिसकर्मियों के नाम जलाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली के इस पावन अवसर पर हमें उन वीर जवानों और सुरक्षा कर्मियों को भी याद करना चाहिए, जो देश और समाज की सुरक्षा के लिए निरंतर अपना कर्तव्य निभाते हैं। उन्होंने आग्रह किया कि अपने घरों में दीप जलाते समय एक दीप देश के सैनिकों, जवानों और पुलिसकर्मियों के नाम भी जलाएं। यह दीप उन सभी के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और अपनत्व का प्रतीक होगा, जो त्योहारों के अवसर पर भी अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिल्ली के सफाई कर्मियों के योगदान को भी विशेष रूप से सराहा। उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर जब पूरा शहर उत्सव की खुशियों में डूबा होता है, तब हमारे सफाई कर्मी दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से काम करते हैं। उनकी मेहनत और समर्पण से ही राजधानी की स्वच्छता और सुंदरता कायम रहती है। मुख्यमंत्री ने सभी सफाई कर्मियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उनका योगदान सम्मान और सराहना का हकदार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की दीपावली अपनी विविधता और सांस्कृतिक एकता के लिए विशेष है। राजधानी में देश के अलग-अलग राज्यों और संस्कृतियों से जुड़े लोग मिलकर इस त्योहार को उत्साह और उमंग के साथ मनाते हैं। दिल्ली की सांस्कृतिक विविधता और सामूहिक उत्सव की भावना ही दीपावली के इस पावन अवसर को और मजबूत करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774236 Articles

Share this story