मंत्री सिरसा ने राजौरी गार्डन में 14 करोड़ के विकास कार्यों का किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री सिरसा ने राजौरी गार्डन में 14 करोड़ के विकास कार्यों का किया शुभारंभ


नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आज राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र में लगभग 14 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि दिल्ली सरकार ने इस वर्ष बुनियादी ढांचे के लिए 32,000 करोड़ का कैपिटल एक्सपेंडिचर निर्धारित किया है, जो पिछले वर्ष के 30,000 करोड़ से भी अधिक है। यह निवेश दिल्ली के हर क्षेत्र में बदलाव लाने वाला साबित होगा।

सिरसा ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 10-11 वर्षों के कुशासन के कारण जो दूषित पानी और सीवेज की समस्याएं हमें विरासत में मिली थीं, उनसे अब दिल्ली की जनता को जल्द ही राहत मिलने वाली है।

सिरसा ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र के व्यापक विकास के लिए बड़े पैमाने पर संसाधनों की आवश्यकता होती है। “विधायक को मिलने वाली निधि से बड़े बदलाव संभव नहीं हैं। इसके लिए रेखा गुप्ता की सरकार हर विधानसभा क्षेत्र के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की निधि विकास कार्यों के लिए जारी कर रही है।”

सिरसा ने जानकारी दी कि राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र में पहले ही वर्ष में लगभग 175 करोड़ के विकास कार्य चल रहे हैं। “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पौने दो सौ करोड़ रुपये के काम पहले ही शुरू हो चुके हैं, और इस वर्ष भी हम इसी स्तर का विकास कार्य किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story