उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने कालकाजी क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्यवाही के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने कालकाजी क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्यवाही के दिए निर्देश


नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। दिल्ली की उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने सोमवार को कालकाजी वार्ड का निरीक्षण किया और क्षेत्र की नागरिक समस्याओं का जायजा लिया।

उप महापौर के निरीक्षण के दौरान अग्रवाल धर्मशाला रोड से मौके पर ही अवैध कब्जों को हटाया गया और संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए।

डॉ मोनिका पंत ने मां आनंदमयी मुख्य मार्ग पर रेहड़ी पटरी वालो द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण एवं फुटपाथ पर फैली गंदगी पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण और अवैध निर्माण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने उप महापौर के समक्ष साफ-सफाई, सार्वजनिक सुविधाओं, रखरखाव एवं अन्य स्थानीय मुद्दों से जुड़ी अपनी समस्याएं रखीं।

स्थानीय लोगों ने पार्कों एवं उसके आसपास कुछ लोगों द्वारा अवैध सी एंड डी कचरे डाले जाने एवं रेहड़ी पटरी वालो के अतिक्रमण की समस्या से अवगत कराया।

मामले का संज्ञान लेते हुए उपमहापौर ने सी एंड डी वेस्ट के नियमित निपटान के निर्देश दिए। साथ ही, अवैध डंपिंग करने वालों एवं अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

उप महापौर ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए दिल्ली नगर निगम दिल्ली के नागरिकों को उत्कृष्ट सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में सार्थक प्रयास कर रहा है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पार्कों और आसपास के क्षेत्रों की नियमित साफ सफाई के लिए निगम का सहयोग करें।

इस अवसर पर मध्य क्षेत्र चेयरमैन योगिता सिंह, स्थानीय मंडलाध्यक्ष, उपायुक्त मध्य क्षेत्र शाश्वत सौरभ एवं निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story