उप महापौर डॉ. मोनिका ने विज्ञापन विभाग के कार्यों और परियोजनाओं की समीक्षा की

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 18 मई (हि.स.)। दिल्ली की उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने सोमवार को विज्ञापन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक का उद्देश्य विभाग से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा करना था। बैठक के दौरान उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने विज्ञापन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों और परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उपस्थित अधिकारियों ने उप महापौर को विज्ञापन विभाग के विभिन्न कार्यों की प्रस्तुति दी व विभागीय कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उप महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पारदर्शिता और राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्था को लगातार और मजबूत करें।

डॉ. पंत ने सबवे, सार्वजनिक शौचालयों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं पर विज्ञापन प्रदर्शित करके विज्ञापन राजस्व बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को बाजार क्षेत्रों में 'सेल्फ साइनेज' और एलईडी विज्ञापनों से होने वाले राजस्व की संभावनाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से रिहायशी इलाकों में विज्ञापनों की व्यावसायिक व्यवहार्यता का अध्ययन करने और इसकी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।

बैठक में एडीसी संजय सिंह और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story