उप महापौर ने पटपड़गंज वार्ड का किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण एवं नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की

WhatsApp Channel Join Now
उप महापौर ने पटपड़गंज वार्ड का किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण एवं नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की


नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। दिल्ली की उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत ने मंगलवार को पटपड़गंज वार्ड का क्षेत्रीय दौरा कर सफाई व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं तथा विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं की समीक्षा की तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

इस दौरान डॉ. मोनिका पंत ने क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण से न केवल यातायात एवं आवागमन प्रभावित होता है बल्कि स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

उप महापौर ने क्षेत्र में स्थित एफटीसीएस का निरीक्षण कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कूड़े के वैज्ञानिक एवं समयबद्ध निस्तारण को सुनिश्चित किया जाए तथा एफटीसीएस के आसपास स्वच्छता बनाए रखी जाए, ताकि स्थानीय निवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने वार्ड के विभिन्न पार्कों की सफाई एवं रखरखाव का भी निरीक्षण किया तथा उद्यान विभाग के अधिकारियों को पार्कों की नियमित सफाई, हरित क्षेत्रों के संरक्षण एवं नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित पार्क नागरिकों के स्वास्थ्य एवं जीवन गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उप महापौर ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की तथा विकास एवं स्वच्छता संबंधी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप महापौर ने नियमित सफाई, कूड़ा उठान, नालियों की सफाई तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सफाई कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना दिल्ली नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

डॉ. मोनिका पंत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाई जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर स्थानीय निगम पार्षद रेनू चौधरी एवं शाहदरा दक्षिणी क्षेत्र के उपायुक्त वैरोकपन पुनशीबा सिंह भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story