गांवों के बुनियादी ढांचे को मिली मजबूती : रविंद्र इंद्राज

WhatsApp Channel Join Now
गांवों के बुनियादी ढांचे को मिली मजबूती : रविंद्र इंद्राज


नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री एवं बवाना के विधायक रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र और संतुलित विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड (डीवीडीबी) के फंड के अंतर्गत तथा सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहयोग से बवाना विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए विकास कार्य तेज गति से कराए जा रहे हैं।

उन्होंने शनिवार को बताया कि इन कार्यों के अंतर्गत गांव जटखोड़ से पंजाब खोड़ तक काली सड़क का निर्माण, गांव माजरा से जटखोड़ तक काली सड़क का निर्माण, पंजाब खोड़ में फिरनी रोड एवं आरसीसी नाले का निर्माण, बाजीतपुर में फिरनी रोड एवं आरसीसी नाले का विकास, बाजीतपुर से माजरा तक काली सड़क का निर्माण तथा हरवेली गांव में फिरनी रोड का व्यापक विकास कार्य शामिल है। हरवेली गांव का यह कार्य पिछले लगभग 30 वर्षों से लंबित था और अब वर्तमान दिल्ली सरकार द्वारा इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है।

रविंद्र इन्द्राज ने कहा कि इन विकास कार्यों के माध्यम से केवल सड़क निर्माण ही नहीं, बल्कि गांवों के समग्र और दीर्घकालिक विकास की मजबूत नींव रखी जा रही है। इन परियोजनाओं से गांवों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होगी, आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगा तथा आरसीसी नालों के निर्माण से जलभराव और जल निकासी की पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा। इसके साथ ही स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरणीय परिस्थितियों में भी व्यापक सुधार देखने को मिलेगा, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

रविंद्र इंद्राज ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं इन विकास कार्यों की निरंतर और प्रभावी निगरानी कर रही हैं, जिससे कार्यों की गति और गुणवत्ता दोनों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और अब इन कार्यों का प्रभाव जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव में मजबूत सड़क नेटवर्क, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था, बेहतर बुनियादी ढांचा और सुविधाजनक जीवन परिवेश उपलब्ध कराया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों को भी शहरी सुविधाओं के समकक्ष विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि लगातार विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया जा रहा है तथा आने वाले समय में भी इसी प्रतिबद्धता और गति के साथ विकास कार्य जारी रहेंगे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story