दिल्ली में 400 यूनिट तक बिजली खर्च करने वाले परिवारों को मिलेगा मुफ्त सोलर प्लांट

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली में 400 यूनिट तक बिजली खर्च करने वाले परिवारों को मिलेगा मुफ्त सोलर प्लांट


नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली सरकार 400 यूनिट तक बिजली खर्च करने वाले परिवारों के लिए मुफ्त सोलर प्लांट लगवाने का फैसला लिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट बैठक में दिल्ली सौर ऊर्जा नीति 2023 में दूसरे संशोधन को मंजूरी दी है।

सरकार ने 2.30 लाख घरों में मुफ्त में रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बिजली मंत्री आशीष सूद ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज दिल्ली के ऊर्जा सेक्टर के लिए सचमुच एक ऐतिहासिक दिन है।

'पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना' पूरे देश में बहुत अच्छा काम कर रही है। हमने दिल्ली में इसे लागू करने में आने वाली मुश्किलों को समझा और उनके समाधान निकाले। आज कैबिनेट की बैठक में सोलर एनर्जी की दिशा में एक मजबूत कदम उठाने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया। यह पहल ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित दिल्ली’ के विजन से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि आज हमने दिल्ली सोलर ऊर्जा नीति का अगला संस्कररण शुरू किया है। इसके तहत 400 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने वाले घरों को बिना किसी शुरुआती लागत के 3 किलो वॉट का रूफटॉप सोलर सिस्टम मिलेगा, जिसे सरकार पूरी तरह से इंस्टॉल करेगी और उपभोक्ता से कोई शुल्क नहीं लेगी। यह एक ऐतिहासिक कदम है। हमने 230,000 घरों में ये रूफटॉप सोलर प्लांट पूरी तरह मुफ्त लगाने का लक्ष्य मार्च 2027 तक रखा है।

मंत्री आशीष सूद ने कहा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दिल्ली सरकार की 40वीं कैबिनेट बैठक में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है, जिसका दिल्ली के शहरी बुनियादी ढांचे और बिजली वितरण नेटवर्क पर दूरगामी प्रभाव पड़ेगा। इसके लाभों में न केवल उपभोक्ताओं के लिए विश्वसनीय और किफायती बिजली शामिल होगी, बल्कि पर्यावरण और अन्य क्षेत्रों के लिए भी इसके व्यापक लाभ होंगे। आज दिल्ली सौर ऊर्जा नीति 2023 में दूसरे संशोधन को ऐतिहासिक मंजूरी मिल गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story