(लीड) मुख्यमंत्री ने एनडीएमसी के 109 कर्मचारियों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र सौंपे
नई दिल्ली, 15 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को नई दिल्ली नगर पालिक परिषद (एनडीएमसी) के 109 कर्मचारियों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र और संविदा कर्मचारियों को चिकित्सा स्वास्थ्य कार्ड सौंपे। जय सिंह रोड स्थित एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में नियुक्ति पत्र और स्वास्थ्य कार्ड दिए गए।
इस अवसर पर दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, सांसद बंसुरी स्वराज, एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्र, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, परिषद सदस्य दिनेश प्रताप सिंह, अनिल वाल्मीकि और सरिता तोमर तथा एनडीएमसी के वित्तीय सलाहकार राकेश कुमार उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी निरंतर पहलों के माध्यम से 109 परिवारों को अनुकंपा नियुक्तियों के रूप में नई उम्मीद मिली है। ये नियुक्तियां जीवन भर के लिए इन परिवारों के भविष्य को स्थिरता और सुरक्षा प्रदान करती हैं। मुख्यमंत्री ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त की कि नियुक्तियों में लगभग 90 महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी चयनित उम्मीदवार विकसित भारत, विकसित दिल्ली के संकल्प को मजबूत करने के लिए पूर्ण समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।
मुख्यमंत्री ने उदारीकृत चिकित्सा स्वास्थ्य योजना (एलएमएचएस) के तहत संविदा कर्मचारियों को मेडिकल हेल्थ कार्ड के वितरण को बड़ी राहत बताया। उन्होंने कहा कि आज के समय में चिकित्सा खर्च अक्सर परिवारों पर एक बड़ा वित्तीय बोझ बन जाता है इसलिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए एक सुरक्षा कवच का काम करेगी।
लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि एनडीएमसी द्वारा दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने और संविदा कर्मचारियों को चिकित्सा कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल सामाजिक कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इन उपायों से आश्रितों के चेहरों पर खुशी की मुस्कान लौट आई है और संविदा कर्मचारियों को भी राहत मिली है, जिन्हें अब चिकित्सा आपात स्थिति में अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।
सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि अनुकंपा नियुक्तियों तथा संविदा कर्मचारियों को मेडिकल कार्ड सुविधा प्रदान करने की लंबे समय से लंबित मांगों पर एनडीएमसी परिषद ने पूर्ण संवेदनशीलता एवं सहानुभूति के साथ विचार कर उन्हें स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने इसे केवल प्रशासनिक नहीं बल्कि अत्यंत मानवीय पहल बताया।
एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने कहा कि 109 कर्मचारियों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र वितरित किया जाना, परिषद के प्रति वर्षों तक सेवा देने वाले दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को सम्मान, आर्थिक स्थिरता एवं भावनात्मक सहयोग प्रदान करने के प्रति एनडीएमसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह पहल कठिन समय में कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़े रहने की एनडीएमसी की भावना का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि एनडीएमसी में कार्यरत 38 विभिन्न श्रेणियों- जिनमें इंजीनियर, नर्स, तकनीकी एवं लिपिकीय कर्मचारी शामिल हैं, उनके 878 संविदा कर्मचारियों के लिए यह ऐतिहासिक कल्याणकारी कदम है। उन्होंने जानकारी दी कि अब लगभग 878 संविदा कर्मचारी एवं उनके परिवार एनडीएमसी से संबद्ध अस्पतालों एवं डायग्नोस्टिक केंद्रों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा के पात्र होंगे। उन्होंने वर्ष 2025-26 के दौरान एनडीएमसी की विभिन्न उपलब्धियों का भी उल्लेख किया, जिनमें 81 विभागीय पदोन्नति समितियों के माध्यम से 954 पदोन्नतियां, 4,357 कर्मचारियों को एमएसीपी लाभ प्रदान करना, पेंशन मामलों का शीघ्र निपटान तथा डीएसएसएसबी एवं यूपीएससी के माध्यम से भर्ती पहल शामिल हैं।
उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री के सतत विकास के दृष्टिकोण को जन आंदोलन का रूप देने कि लए सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग, इलेक्ट्रिक वाहनों, ऊर्जा संरक्षण, डिजिटल कार्य संस्कृति एवं “मेक इन इंडिया” उत्पादों को अपनाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

