दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के समर कैंप में सड़क सुरक्षा का पाठ, दो चरणों में 1390 छात्र हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के समर कैंप में सड़क सुरक्षा का पाठ, दो चरणों में 1390 छात्र हुए शामिल


नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और बच्चों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा आयोजित रोड सेफ्टी अवेयरनेस समर कैंप-2026 का दूसरा चरण शुक्रवार को संपन्न हो गया। राजधानी के चार ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्कों में आयोजित इस कैंप में दूसरे चरण के दौरान करीब 750 विद्यार्थियों ने भाग लिया। पहले और दूसरे चरण को मिलाकर अब तक लगभग 1390 छात्र-छात्राएं सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रशिक्षण और गतिविधियों का लाभ उठा चुके हैं।

ट्रैफिक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की रोड सेफ्टी सेल की ओर से यह समर कैंप बाबा खरक सिंह मार्ग स्थित ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क, नेशनल बाल भवन, पंजाबी बाग और रोशनआरा बाग में आयोजित किया जा रहा है। कैंप में दिल्ली के विभिन्न स्कूलों के कक्षा छह से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कैंप के दौरान छात्रों को सड़क पर सुरक्षित व्यवहार, यातायात संकेतों की जानकारी और ट्रैफिक नियमों के पालन के महत्व से अवगत कराया गया। इसके अलावा रोड सेफ्टी क्विज, ट्रैफिक ड्रिल और पेंटिंग प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की रचनात्मकता और सड़क सुरक्षा के प्रति उनकी समझ को परखा गया। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार समर कैंप को तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान 18 मई से शुरू होकर 5 जून तक चलेगा। कैंप में विद्यार्थियों को केवल यातायात नियमों की जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि नुक्कड़ नाटक, कहानी सत्र, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर, अग्नि सुरक्षा, साइबर जागरूकता और लैंगिक संवेदनशीलता जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

अधिकारियों का कहना है कि तीसरा और अंतिम चरण अभी शुरू होना बाकी है, जिसमें करीब 800 और विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित कर भविष्य में जिम्मेदार नागरिक तैयार किए जा सकते हैं। इसी उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story