दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था होगी और स्मार्ट, 76 क्रेन एवं 125 नए कैमरों की शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था होगी और स्मार्ट, 76 क्रेन एवं 125 नए कैमरों की शुरुआत


दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था होगी और स्मार्ट, 76 क्रेन एवं 125 नए कैमरों की शुरुआत


नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। राजधानी में ट्रैफिक प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। शनिवार को पुलिस मुख्यालय, जय सिंह रोड पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने ट्रैफिक यूनिट में शामिल की गई 76 नई क्रेनों को हरी झंडी दिखाई। साथ ही ओवरस्पीडिंग पर लगाम कसने के लिए 125 नए ओएसवीडी (ओवर स्पीडिंग वॉयलेशन डिटेक्शन) कैमरों का सॉफ्ट लॉन्च भी किया गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक राजधानी में बढ़ती अवैध पार्किंग और सड़क पर खराब खड़े वाहनों के कारण जाम की समस्या गंभीर हो रही थी। नई क्रेनों की मदद से ऐसे वाहनों को तेजी से हटाया जा सकेगा, जिससे ट्रैफिक सुचारू होगा और सड़क अनुशासन में सुधार आएगा।

वहीं, नए लगाए गए 125 कैमरों के जरिए अब 76 अतिरिक्त सड़कों पर निगरानी रखी जाएगी। इससे पहले 66 मार्गों पर 125 कैमरे लगे थे। इस तरह अब ओवरस्पीडिंग, लेन उल्लंघन और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसे मामलों पर और कड़ी नजर रखी जा सकेगी। खास बात यह है कि यह सिस्टम दोपहिया और तिपहिया वाहनों को भी कवर करेगा।

कार्यक्रम में स्पेशल सीपी ट्रैफिक नीरज ठाकुर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह पहल ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ के तहत की गई है, जिसमें तकनीक के जरिए फेसलेस एन्फोर्समेंट को बढ़ावा दिया जाएगा।

नए सिस्टम में हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे, ऑटोमेटेड नंबर प्लेट रिकग्निशन और ई-चालान सिस्टम का एकीकरण किया गया है। इससे नियम तोड़ने वाले वाहनों की पहचान कर तुरंत चालान जारी किया जा सकेगा।

कार्यक्रम के बाद पुलिस मुख्यालय के आदर्श ऑडिटोरियम में ‘संपर्क सभा’ का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 450 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस दिल्ली पुलिस की सबसे ज्यादा दिखाई देने वाली इकाई है, इसलिए कामकाज पारदर्शी और प्रभावी होना चाहिए, ताकि जनता का विश्वास बना रहे। उन्होंने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए दुर्घटना संभावित स्थानों की लगातार समीक्षा करने पर भी जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story