दिल्ली सरकार 11 वर्षों की समस्याओं को जड़ से खत्म कर रही है : सिरसा
नई दिल्ली, 04 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह ने कहा कि केंद्रीय बजट से शहर के विकास को और गति मिलेगी। दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों की समस्याओं को जड़ से खत्म करने लिए दिन-रात काम कर रही है।
मंत्री सिरसा ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में संवाददाता सम्मेलन करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट में राजधानी के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने दिल्ली की पब्लिक बॉरोइंग की सीमा बढ़ा दी है, जिससे अब हमें बाजार से 21,000 करोड़ रुपये जुटाने की क्षमता मिली है। इससे दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर को बहुत बड़ी मजबूती मिलेगी और शहर के विकास को और गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बजट में दिल्ली को बहुत राहत दी है, इसके लिए उनका बहुत-बहुत धन्यवाद।
मंत्री सिरसा ने कहा कि यह बजट हर वर्ग को आगे बढ़ाने का काम करने वाला, उसको सशक्त करने वाला बजट है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के साथ-साथ विकसित दिल्ली के सपने को साकार करने वाला है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के विरोध पर मंत्री सिरसा ने कहा कि उन्हें अपने देश के लोगों से ज्यादा बांग्लादेश से प्यार हैं और वोटों के लिए ऐसा करने उचित नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

