दिल्ली में कथित घोटालों को लेकर एक सितंबर को उपराज्यपाल से मुलाकात करेंगे आआपा विधायकः सौरभ भारद्वाज

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली में कथित घोटालों को लेकर एक सितंबर को उपराज्यपाल से मुलाकात करेंगे आआपा विधायकः सौरभ भारद्वाज


नई दिल्ली, 26 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली में कथित घोटालों और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर उपराज्यपाल से मुलाकात का समय मांगा था। उन्होंने कहा कि आआपा के नेता अब एक सितंबर को शाम साढ़े चार बजे उपराज्यपाल से मिलने पहुंचेंगे।

आआपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार के करीब डेढ़ साल के कार्यकाल में कई घोटाले सामने आए हैं। उन्होंने सभी मामलों को लेकर उपराज्यपाल पर सवाल उठाया है।

सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि दिल्ली में स्वास्थ्य क्षेत्र में करीब 650 करोड़ रुपये, साइकिल खरीद में 90 करोड़ रुपये, चावल वितरण और स्कूल ट्रस्ट से जुड़े मामलों में कथित घोटाले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि आआपा विधायक इन मुद्दों को लेकर उपराज्यपाल से मुलाकात करना चाहते हैं।

भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली की एसीबी और पुलिस उपराज्यपाल के अधीन हैं, तो आआपा की मांग है कि इन कथित मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि आआपा ने उपराज्यपाल को पत्र लिखकर इन मामलों पर जांच कराने और मुलाकात के लिए समय देने की मांग की।

साइकिल खरीद को लेकर भारद्वाज ने दावा किया कि दिल्ली सरकार जिस साइकिल को 7,000 रुपये में खरीद रही है, उसे आआपा ने 4,000 रुपये में खरीदकर दिखाया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि बाजार में साइकिल 4,000 रुपये में उपलब्ध है तो सरकारी खरीद में इसकी कीमत 3,000 रुपये के आसपास होनी चाहिए थी।

चावल वितरण को लेकर भी उन्होंने आरोप लगाया कि यदि गरीब परिवारों को उनका निर्धारित चावल मिलता तो प्रत्येक परिवार को करीब 28 किलो चावल मिल सकता था।

सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आ रहे हैं, जबकि अस्पतालों में दवाइयों की कमी और डॉक्टरों की उपलब्धता को लेकर समस्याएं हैं। उन्होंने कहा कि आआपा इन मुद्दों पर सरकार और उपराज्यपाल से जवाब मांगती रहेगी।

भारद्वाज ने बताया कि आआपा नेताओं के राज निवास पहुंचने के बाद उन्हें जानकारी दी गई कि उपराज्यपाल एक सितंबर को उनसे मुलाकात करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story